एक बढ़िया तस्वीर की ताकत को नकारा नहीं जा सकता। एक बेहतरीन इमेज तुरंत ग्राहकों के दिलों को छूकर आपके ब्रांड को एक नई दिशा दे सकती है। यहाँ दिक्कत यह आती है कि प्रतिभाशाली फोटोग्राफर्स को काम पर रखने में पैसा भी लगता है और समय भी।
चाहे आप कोई सीज़नल प्रोडक्ट लाइन लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हों या फिर कमाल के रिव्यू देने वाले संतुष्ट ग्राहकों को प्रदर्शित करना चाहते हों, ढेर सारी मुफ्त स्टॉक फोटो साइट्स पर लाखों फ्री तस्वीरों में से आप झटपट अपनी मनपसंद इमेज चुन सकते हैं।
हमारी इस सूची के ज़रिए 14 सबसे अच्छी मुफ्त स्टॉक फोटो साइट्स के बारे में जानें और अपने लिए सबसे सही विकल्प चुनें।
14 सबसे अच्छी मुफ्त स्टॉक फोटो साइट्स
- Burst by Shopify (बर्स्ट बाय शॉपिफाई)
- Pixabay (पिक्साबे)
- Unsplash (अनस्प्लैश)
- Pexels (पेक्सेल्स)
- Flickr (फ्लिकर)
- Canva (कैनवा)
- Freepik (फ्रीपिक)
- Life of Pix (लाइफ ऑफ पिक्स)
- Depositphotos (डिपॉज़िटफोटोज़)
- Gratisography (ग्रैटिसोग्राफी)
- Kaboompics (काबूमपिक्स)
- PxHere (पीएक्सहियर)
- Wikimedia Commons (विकिमीडिया कॉमन्स)
- Openverse (ओपनवर्स)
ध्यान दें: इस सूची में दी गई फ्री स्टॉक फोटो साइट्स देखते समय हमेशा यह जाँच लें कि आपकी चुनी हुई तस्वीरें रॉयल्टी-फ्री हैं और कमर्शियल उपयोग के लिए मान्य हैं। रॉयल्टी वाली इमेज के हर इस्तेमाल पर आपको भुगतान जो करना पड़ सकता है।
1. Burst by Shopify (बर्स्ट बाय शॉपिफाई)
Burst (बर्स्ट) एक फ्री स्टॉक फोटो साइट है, जिसे Shopify (शॉपिफाई) द्वारा चलाया जाता है। इसकी लाइब्रेरी में 20,000 से ज़्यादा हाई-रेज़ोल्यूशन इमेज हैं, और ये सभी कमर्शियल उपयोग के लिए मान्य हैं। अगर आपके इमेज लेआउट में फोटोग्राफर को क्रेडिट देना थोड़ा मुश्किल हो, तो चिंता न करें: Burst (बर्स्ट) के इमेज लाइसेंस में एट्रिब्यूशन अनिवार्य नहीं है।
Burst (बर्स्ट) पर आप
- कीवर्ड या कैटेगरी के अनुसार फ्री स्टॉक फोटोग्राफी खोज सकते हैं।
- किसी हफ्ते की टॉप स्टॉक फोटोज़ देख सकते हैं।
- और "Blur-background” (ब्लर-बैकग्राउंड) तथा "Around the world” (अराउंड द वर्ल्ड) जैसी प्रीसेट लाइब्रेरीज़ ब्राउज़ कर सकते हैं।
Burst (बर्स्ट) पर फोटोग्राफर्स और छोटे बिज़नेस ओनर्स, दोनों के लिए फ्री रेसोर्सेस भी उपलब्ध हैं, जिनमें प्रोडक्ट फोटोग्राफी और ज़ूम बैकग्राउंड जैसे विषयों पर लेख शामिल हैं।
2. Pixabay (पिक्साबे)
Pixabay (पिक्साबे) पर 50 लाख से ज़्यादा फ्री स्टॉक फोटोज़ हैं, जिन्हें आप बिना एट्रिब्यूशन या फोटोग्राफर की अनुमति के इस्तेमाल कर सकते हैं। साइट में Canva (कैनवा) के साथ इंटीग्रेशन भी उपलब्ध है, जिससे फोटोज़ एडिट करके उन्हें अपनी ज़रूरत के अनुसार ढालना बाएँ हाथ का खेल हो जाता है। इसके अलावा, Pixabay (पिक्साबे) पर सिर्फ फोटोज़ ही नहीं, बल्कि फ्री वीडियो, जीआईएफ, साउंड इफेक्ट्स, आर्ट इलस्ट्रेशन, और वेक्टर फाइल्स भी डाउनलोड की जा सकती हैं।
3. Unsplash (अनस्प्लैश)
3,75,000 से ज़्यादा कॉन्ट्रिब्यूटर्स की 60 लाख से ज़्यादा स्टॉक फोटोज़ के साथ, Unsplash (अनस्प्लैश) अपने बड़ी सिलेक्शन को क्यूरेट करके हाई क्वालिटी स्टॉक फोटोग्राफी को प्राथमिकता देता है। कुछ इमेज डाउनलोड करने के लिए पेड अकाउंट ($7/माह) की ज़रूरत पड़ती है, लेकिन Unsplash (अनस्प्लैश) पर ढेर सारे फ्री विकल्प भी मौजूद हैं। साथ ही, फोटोग्राफर को क्रेडिट दिए बिना भी आप अपनी Unsplash (अनस्प्लैश) फोटोज़ का जितनी मर्ज़ी बार इस्तेमाल कर सकते हैं।
4. Pexels (पेक्सेल्स)
Pexels (पेक्सेल्स) पर चुनने के लिए आपको लाखों फ्री स्टॉक फोटोज़ मिलती हैं। यह साइट यूज़र अपलोड्स और अन्य सबसे अच्छी मुफ्त स्टॉक फोटो वेबसाइट्स, दोनों से तस्वीरें चुनकर अपनी लाइब्रेरी तैयार करती है। हर फोटो को टैग किया जाता है, जिसके चलते उसे आसानी से खोजा जा सकता है। फोटोग्राफर्स को प्रेरित करने के लिए साइट चैलेंज आयोजित करती है। यहाँ एक "लीडरबोर्ड" भी होता है, जहाँ आप Pexels (पेक्सेल्स) पर सबसे ज़्यादा देखे गए फोटोग्राफर्स देख सकते हैं।
5. Flickr (फ्लिकर)
Flickr (फ्लिकर) दोस्तों के साथ तस्वीरें शेयर करने और समान दिलचस्पी रखने वाले फोटोग्राफर्स के ग्रुप से जुड़ने का एक बेहतरीन ज़रिया तो है ही, यह टॉप-क्वालिटी फ्री स्टॉक फोटोज़ खोजने के लिए एक शानदार प्लेटफॉर्म भी है। किसी खास विषय या जगह की इमेज ढूंढनी हो, तो Flickr (फ्लिकर) आपके लिए उपलब्ध सबसे बेहतरीन विकल्पों में से एक है: इस साइट पर लगभग 10 अरब फोटोज़ जो हैं।
ध्यान रखें कि अगर आप किसी बिज़नेस उद्देश्य के लिए फोटो का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो आपको अपनी सर्च में "कमर्शियल उपयोग की अनुमति" फिल्टर का इस्तेमाल करना होगा। फोटो के क्रिएटर की प्राथमिकताओं के आधार पर हो सकता है कि आप इमेज एडिट न कर पाएँ और उस फोटोग्राफर को क्रेडिट देना ज़रूरी हो, इसलिए स्टॉक फोटो इस्तेमाल करने से पहले हमेशा लाइसेंस की शर्तों को ध्यान से पढ़ लें।
6. Canva (कैनवा)
मार्केटिंग मटेरियल के लिए फ्री स्टॉक फोटोज़ खोजने के लिए ग्राफिक डिज़ाइन टूल Canva (कैनवा) एक बेहतरीन जगह है। उदाहरण के लिए, अगर आप किसी पैम्फलेट या न्यूज़लेटर ग्राफिक जैसे मार्केटिंग एसेट में इमेज डालना चाहते हैं, तो Canva (कैनवा) की स्टॉक फोटो लाइब्रेरी आपके ब्रांड के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है। आप इस टूल के बढ़िया एडिटर में फोटोज़ खोज सकते हैं। ऐसा करके आप एक ही जगह पर इमेज ढूँढकर एसेट तैयार कर पाते हैं।
7. Freepik (फ्रीपिक)
Freepik (फ्रीपिक) पर आप ये चीज़ें मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं:
- स्टॉक फोटोज़
- टेम्पलेट्स
- वेक्टर फाइल्स
- आइकन समेत विशुअल एसेट्स
इसकी यही विविधता ही इसे तरह-तरह की डिज़ाइन ज़रूरतों वाले छोटे-छोटे बिज़नेस ओनर्स के लिए एक बेहतरीन स्टॉक इमेज वेबसाइट बनाती है। यहाँ सब कुछ फ्री तो नहीं है, लेकिन आप आसानी से अपनी सर्च को फिल्टर करके पेड रिज़ल्ट हटा सकते हैं। आप एआई-जनरेटेड इमेज को भी फिल्टर करके हटा सकते हैं। गौरतलब है कि $12/माह के प्रीमियम अकाउंट पर अपग्रेड किए बिना आपको "Designed by Freepik" (डिज़ाइन्ड बाय फ्रीपिक) एट्रिब्यूशन देना होगा।
8. Life of Pix (लाइफ ऑफ पिक्स)
Life of Pix (लाइफ ऑफ पिक्स) पर फ्री स्टॉक फोटोज़ की एक ऐसी शानदार लाइब्रेरी है, जो किसी भी मैगज़ीन के पन्नों पर अपनी जगह बना सकती है। इस वेबसाइट पर अन्य स्टॉक फोटो साइट्स जितनी जेनेरिक फोटोज़ तो नहीं मिलतीं, लेकिन यूनीक और एडिटोरियल-क्वालिटी की फ्री स्टॉक फोटोज़ के लिए यह एक कमाल की जगह है।
अगर आपको थोड़ी प्रेरणा की तलाश हो, तो Life of Pix (लाइफ ऑफ पिक्स) की क्यूरेटेड कलेक्शन, जैसे उनकी "photographer of the week” (फोटोग्राफर ऑफ द वीक) स्पॉटलाइट, में नई फोटोज़ देखें। साइट की तस्वीरें कमर्शियल उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल की जा सकती हैं और एट्रिब्यूशन की ज़रूरत भी नहीं होती।
9. Depositphotos (डिपॉज़िटफोटोज़)
Depositphotos (डिपॉज़िटफोटोज़) पर 68,000 से ज़्यादा फ्री स्टॉक फोटोज़, एडिटोरियल इमेज, वेक्टर फाइल्स, और वीडियो डाउनलोड के लिए उपलब्ध हैं। एक फोटो चुनने के बाद आप उसी मॉडल या विषय की सीरीज़ की अलग-अलग इमेज में से चुन सकते हैं, जिससे आपके बिज़नेस के लिए सबसे सटीक इमेज मिलना आसान हो जाता है। ध्यान रखें कि इन स्टॉक फोटोज़ को फ्री में इस्तेमाल करने के लिए आपको Depositphotos (डिपॉज़िटफोटोज़) को एट्रिब्यूशन देना होता है।
10. Gratisography (ग्रैटिसोग्राफी)
Gratisography (ग्रैटिसोग्राफी) मतलब इंटरनेट पर सबसे अनोखी, अजीबोगरीब, और मज़ेदार स्टॉक फोटोज़ का वादा। 2011 में कलाकार, डिज़ाइनर और फोटोग्राफर Ryan McGuire (रयान मैक्ग्वायर) द्वारा स्थापित यह फ्री स्टॉक इमेज साइट वाकई अनूठी और दिल को छू लेने वाली तस्वीरों की एक अच्छी-खासी कलेक्शन है, जैसे
- डॉक्टर के वेश में एक बत्तख
- Amelia Earhart (अमेलिया इयरहार्ट) जैसे कपड़े पहने एक गिलहरी
- चॉकलेट केक के टुकड़े पर काम करते छोटे-छोटे कंस्ट्रक्शन वर्कर्स
Gratisography (ग्रैटिसोग्राफी) की फ्री स्टॉक फोटोज़ का बिना एट्रिब्यूशन के कमर्शियल या व्यक्तिगत इस्तेमाल किया जा सकता है।
11. Kaboompics (काबूमपिक्स)
Kaboompics (काबूमपिक्स) पर बढ़िया हाई-क्वालिटी स्टॉक फोटोज़ की एक लाइब्रेरी है, जो बड़े से बड़े डिज़ाइन-केंद्रित ब्रांड्स की इंस्टाग्राम फीड पर भी कमाल की लगेंगी। Kaboompics (काबूमपिक्स) उन ब्रांड्स के लिए खासतौर पर सही है, जिन्हें पता है कि उन्हें कैसा एस्थेटिक चाहिए: उदाहरण के लिए, आप कलात्मक तरीके से लगाई गईं ब्यूटी प्रोडक्ट्स या फिर बेहतरीन मिनिमलिस्ट इंटीरियर की तस्वीरें देख सकते हैं। साइट के फोटो शूट फीचर से आप एक ही विषय की मिलती-जुलती इमेज में से भी चुन सकते हैं।
Kaboompics (काबूमपिक्स) के लाइसेंस एग्रीमेंट के तहत एट्रिब्यूशन की ज़रूरत नहीं होती और साइट की फ्री स्टॉक इमेज एडिट भी जा सकती हैं, इसलिए आप इन्हें आसानी से अपनी प्रोडक्ट मार्केटिंग, ब्रांडिंग, या सोशल मीडिया में शामिल कर सकते हैं।
12. PxHere (पीएक्सहियर)
PxHere (पीएक्सहियर) की सभी फ्री स्टॉक फोटोज़ पब्लिक डोमेन में हैं, इसलिए आप एट्रिब्यूशन की चिंता किए बिना लाइब्रेरी की इमेज एडिट कर सकते हैं। साइट पर जेनेरिक स्टॉक इमेज और यूनीक कंटेंट, दोनों मौजूद हैं। अपने काम की इमेज जल्दी खोजने के लिए साइट फिल्टर्स के ज़रिए आप किसी खास थीम या कलर पैलेट के अनुसार सर्च भी कर सकते हैं।
13. Wikimedia Commons (विकिमीडिया कॉमन्स)
Wikimedia Commons (विकिमीडिया कॉमन्स) की सभी फ्री फोटोज़ या तो पब्लिक डोमेन में हैं (यानी किसी भी तरह के इस्तेमाल के लिए फ्री हैं) या फिर क्रिएटिव कॉमन्स लाइसेंस के तहत प्रकाशित हैं, जिसका अक्सर यह मतलब होता है कि मूल क्रिएटर को क्रेडिट देने पर उनका इस्तेमाल फ्री में किया जा सकता है। साइट पर 10 करोड़ से ज़्यादा इमेज, वीडियो, और साउंड फाइल्स हैं, इसलिए आपके पास विकल्पों की कोई कमी नहीं होगी।
Wikimedia Commons (विकिमीडिया कॉमन्स) की सभी तस्वीरें इस सूची की अन्य स्टॉक फोटो लाइब्रेरीज़ जितनी प्रोफेशनल नहीं दिखतीं। लेकिन इस साइट पर उपलब्ध इमेज की अच्छी-खासी संख्या इसे किसी खास तरह की स्टॉक फोटोज़ खोजने का बेहतरीन विकल्प बनाती है। आप कई विंटेज फोटोज़ भी देख सकते हैं, जो कुछ खास ब्रांड एस्थेटिक्स के लिए सही हो सकती हैं।
14. Openverse (ओपनवर्स)
ओपनवर्स पर 8 करोड़ से ज़्यादा क्रिएटिव कॉमन्स इमेज हैं। यह एक ऐसी स्टॉक फोटो साइट है, जो अन्य सबसे अच्छी मुफ्त स्टॉक फोटो साइट्स की फ्री तस्वीरों को एक ही जगह जमा कर देती है। इसके चलते आप उन्हें आसानी से खोज पाते हैं। Openverse (ओपनवर्स) पर आप क्रिएटिव कॉमन्स लाइसेंस टाइप के आधार पर सर्च फिल्टर कर सकते हैं। ऐसे में, आपकी चुनी गईं फोटोज़ कमर्शियल उपयोग के लिए मान्य होती हैं।
फ्री स्टॉक इमेज लाइसेंस में क्या देखें
किसी इमेज को फ्री में डाउनलोड कर लेने का यह मतलब नहीं होता कि उस पर कोई प्रतिबंध नहीं है। अपनी फ्री स्टॉक फोटो के लाइसेंस को ज़रूर पढ़ लें। इससे आपको पक्के तौर पर पता चल जाता है कि आप उसे जब और जैसे चाहें, इस्तेमाल कर सकते हैं।
स्टॉक फोटोज़ में इन बातों का ध्यान रखें:
- रॉयल्टी-फ्री इमेज: इसका मतलब है कि इमेज के हर इस्तेमाल के लिए भुगतान किए बिना आप उस इमेज का इस्तेमाल कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, ब्रांड की एकरूपता बनाए रखने के लिए किसी खास इमेज को प्रोडक्ट पेज और उस प्रोडक्ट को प्रमोट करने वाले सभी मार्केटिंग चैनलों पर आप उसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
- कमर्शियल उपयोग: "कमर्शियल उपयोग" कोई ऐसी गतिविधि होती है, जिससे आपको आर्थिक लाभ हो सकता है। उदाहरण के लिए, किसी भी प्रकार के मार्केटिंग उद्देश्य के लिए फोटो का इस्तेमाल कमर्शियल उपयोग ही माना जाता है। एक ई-कॉमर्स व्यापारी के तौर पर अपने किसी भी चैनल में स्टॉक फोटोज़ शामिल करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि वे कमर्शियल उपयोग के लिए मान्य हैं।
- क्रिएटिव कॉमन्स: क्रिएटिव कॉमन्स लाइसेंस का मतलब है कि कॉपीराइट उल्लंघन की चिंता किए बिना आप उस फ्री स्टॉक फोटो का इस्तेमाल कर सकते हैं। हाँ, कुछ क्रिएटिव कॉमन्स लाइसेंस के तहत कमर्शियल इस्तेमाल पर रोक होती है या फिर फोटो एडिट नहीं की जा सकती। कुछ अन्य लाइसेंसों के तहत ये काम किए जा सकते हैं, लेकिन इस्तेमाल के समय फोटोग्राफर को क्रेडिट देना अनिवार्य होता है। क्रिएटिव कॉमन्स में फ्री फोटोज़ डाउनलोड करने से पहले उनके लाइसेंस ज़रूर पढ़ लें ताकि यह पुष्टि हो सके कि आप उनका कानूनन इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं।
- एट्रिब्यूशन: इसका मतलब है फोटोग्राफर या फ्री स्टॉक फोटो वेबसाइट को क्रेडिट देना। आमतौर पर, आप जहाँ भी फ्री स्टॉक इमेज इस्तेमाल करते हैं, उसके नीचे एक लाइन में क्रेडिट दे सकते हैं।
सबसे अच्छी मुफ्त स्टॉक फोटो साइट्स से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
सबसे अच्छी मुफ्त स्टॉक फोटो साइट्स कौन सी हैं?
Shopify (शॉपिफाई) की Burst (बर्स्ट) एक फ्री स्टॉक इमेज साइट है। यहाँ सभी फोटोज़ व्यक्तिगत और कमर्शियल, दोनों तरह के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध हैं और उनमें किसी एट्रिब्यूशन की ज़रूरत भी नहीं होती। अन्य लोकप्रिय स्टॉक फोटो साइट्स में Pixabay (पिक्साबे) और Unsplash (अनस्प्लैश) शामिल हैं।
मुझे बिल्कुल फ्री इमेज कहाँ मिल सकती हैं?
फ्री स्टॉक फोटोग्राफी के लिए कुछ बेहतरीन वेबसाइट्स हैं:
- Burst by Shopify (बर्स्ट बाय शॉपिफाई)
- Pixabay (पिक्साबे)
- Unsplash (अनस्प्लैश)
- Pexels (पेक्सेल्स)
- Flickr (फ्लिकर)
क्या फ्री स्टॉक फोटोज़ सच में फ्री होती हैं?
जी हाँ, फ्री स्टॉक फोटोज़ वाकई मुफ्त होती हैं। हाँ, कुछ फ्री स्टॉक फोटोग्राफी साइट्स के नियमों के तहत उनकी फोटोज़ के हर इस्तेमाल के बदले आपको वेबसाइट या फोटोग्राफर को सार्वजनिक रूप से क्रेडिट देना होता है।

