कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक्स में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
क्या किसी बस के किनारे लिखे किसी दमदार संदेश ने कभी आपका ध्यान अपनी ओर खींचा है? क्या कभी Instagram (इंस्टाग्राम) पर किसी ब्रांडेड पोस्ट ने आराम से स्क्रॉल करने वाले यूज़र से आपको गंभीर खरीदार में बदलकर रख दिया है? इसके लिए आप एक कॉपीराइटर का शुक्रिया अदा कर सकते हैं।
अच्छे कॉपीराइटर ऐसे कारगर संदेश बनाते हैं, जो कुछ ही शब्दों में ब्रांड और उसके ऑफर को बयान कर जाते हैं। अगर आपको छोटे, असरदार वाक्य लिखना और शब्दों के साथ रचनात्मक ढंग से खेलना पसंद है, तो हो सकता है कि आपके अंदर भी एक कॉपीराइटर छिपा हो। लेकिन कॉपीराइटिंग की दुनिया में कदम कैसे रखें? नीचे दिए स्टेप्स इस फ़ील्ड में करियर बनाने में आपके काम आएँगे।
एक कॉपीराइटर क्या करता है?
एक सफल कॉपीराइटर बनने का पहला कदम यह समझना होता है कि कॉपीराइटिंग क्या होती है और यह दूसरी तरह की कंटेंट क्रिएशन से अलग कैसे होती है। कॉपीराइटिंग मार्केटिंग लेखन का एक रूप होता है, जिसके ज़रिए संभावित ग्राहकों के सामने किसी प्रोडक्ट, सर्विस, या ब्रांड का विज्ञापन किया जाता है। यह अन्य लेखन शैलियों (जैसे लॉन्ग-फॉर्म पत्रकारिता या फिर अकादमिक लेखन) से इस मायने में अलग होता है कि इसका मुख्य उद्देश्य पाठकों को कोई कदम उठाने के लिए प्रेरित करना होता है।
कॉपीराइटिंग स्पष्ट और संक्षिप्त होती है, और यह सीधे मुद्दे की बात करती है। असीमित विकल्प और सीमित समय वाली हमारी दुनिया में कॉपीराइटर भीड़ से अलग दिखने वाला कंटेंट तैयार करते हैं। यह कंटेंट कुछ ही शब्दों में अपनी छाप छोड़ जाता है।
“लोगों का ध्यान आसानी से भटक जाता है,” डिजिटल एसेट ब्रांड RetroSupply (रेट्रोसप्लाई) के संस्थापक Dustin Lee (डस्टिन ली) Shopify Masters (शॉपिफाई मास्टर्स) पॉडकास्ट की एक एपिसोड में बताते हैं। “इसलिए यह समझना ज़रूरी है कि लोगों का ध्यान कई जगह बंटा होता है, फिर चाहे वे घर पर कंप्यूटर के सामने बैठे हों या फिर काम पर हों।”
एक कॉपीराइटर का काम किसी ब्रांड के बोलने के अंदाज़, उसके मूल्यों, और खास मार्केटिंग कैंपेन के ज़रिए एक ऐसा प्रभावशाली और यादगार कंटेंट बनाना होता है, जो बिक्री बढ़ाने में मददगार साबित हो। कॉपीराइटर वेबसाइट कंटेंट, मार्केटिंग सामग्री, सोशल मीडिया विज्ञापन, टेलीविज़न कमर्शियल की स्क्रिप्ट और प्रोडक्ट पैकेजिंग सहित कई तरह का लिखित कंटेंट तैयार करते हैं। दूसरे शब्दों में, किसी भी ग्राहक तक पहुँचने वाला ज़्यादातर लिखित कंटेंट किसी न किसी कॉपीराइटर द्वारा ही लिखा गया होता है।
कॉपीराइटिंग कंटेंट के प्रकार
- वेब पेज
- प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन
- ईमेल मार्केटिंग और सेल्स लेटर
- सोशल मीडिया विज्ञापन और पोस्ट
- लॉन्ग-फॉर्म कॉपी
कॉपीराइटिंग के काम के लिए अपने लेखन कौशल का इस्तेमाल करने के सबसे बड़े अवसरों में से एक ईकॉमर्स होता है। इस तरह की कॉपीराइटिंग में किसी ऑनलाइन बिज़नेस को सपोर्ट करने वाला सारा डिजिटल कंटेंट शामिल होता है। इसके उदाहरण पूरे सेल्स फनल में देखने को मिलते हैं, जैसे ब्रांड जागरूकता बढ़ाने वाले पेड विज्ञापन बैनर से लेकर सब्सक्राइबर्स को अप-टू-डेट रखने वाले ईमेल्स तक। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए लिखना भी ईकॉमर्स कॉपीराइटिंग का एक एहम हिस्सा होता है। आइए, इन तरह की कॉपीराइटिंग को और विस्तार से समझते हैं:
वेब पेज
हर वेब पेज को एक कॉपीराइटर की विशेषज्ञता का फायदा मिल सकता है, फिर चाहे होमपेज के लिए आकर्षक कॉपी तैयार करनी हो या फिर अबाउट पेज को अपडेट करके ग्राहकों को अपनी मुख्य प्रोडक्ट्स और टीम के बारे में बेहतर जानकारी देनी हो। कॉपीराइटर वेब पेज की छोटी-छोटी बातों को भी संभालते हैं, जैसे CTA (सीटीए, या कॉल-टू-एक्शन) बटन तैयार करना, सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन के बेहतरीन तरीकों को इंटीग्रेट करना, और साइट की नेविगेशन को स्पष्ट और इस्तेमाल में आसान बनाना।
प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन
कॉपीराइटिंग का एक हिस्सा होने के नाते, वेब पेज के लिए कॉपीराइटर ऐसी प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन लिखते हैं, जो संभावित ग्राहकों या खरीदारों को संक्षेप में बताती हैं कि कोई प्रोडक्ट या सर्विस क्या है और उससे उनकी कौन-सी समस्या हल हो सकती है। प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन किसी ब्रांड की वेबसाइट के प्रोडक्ट पेज पर दिखाई देती हैं। ये लगभग हमेशा एक CTA (सीटीए, या कॉल-टू-एक्शन) के साथ होती हैं ताकि ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रेरित किया जा सके। इसलिए ये किसी प्रोडक्ट या सर्विस की वैल्यू बताने और यूज़र्स को उसे अपने ऑनलाइन कार्ट में डालने के लिए राज़ी करने का एक एहम हिस्सा होता हैं।
Dustin (डस्टिन) का कहना है कि ग्राहकों द्वारा खरीदी जाने वाली किसी भी प्रोडक्ट को लेकर वे हर तरह की अनिश्चितता को खत्म करना चाहते हैं। इस काम की शुरुआत प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन से होती है। वे कहते हैं, "मैं स्पष्ट बुलेट पॉइंट्स, छोटे-छोटे पैराग्राफ़, और पहली ही लाइन में यह साफ कर देता हूँ कि वह प्रोडक्ट आखिर करती क्या है। इसका मकसद यह होता है कि ग्राहक की दिलचस्पी खत्म होने से पहले ही उसे साफ़ तौर पर समझा दिया जाए कि इससे उसे क्या फायदा मिलेगा।"
ईमेल मार्केटिंग और सेल्स लेटर
ईमेल मार्केटिंग किसी कंपनी के लिए बिक्री बढ़ाकर ग्राहकों को लंबे समय तक जोड़े रखने का एक जांचा-परखा तरीका होती है। इसके ज़रिए ब्रांड सीधे अपने सब्सक्राइबर्स से जुड़ सकते हैं और नए लॉन्च के बारे में बात करके उन्हें प्रोडक्ट के बारे में और जानकारी दे सकते हैं।
ईमेल कॉपी की शुरुआत सब्जेक्ट लाइन से होती है। इसका उद्देश्य यूज़र को कंपनी के वेब पेज पर क्लिक करके खरीदारी करने या फिर और जानकारी हासिल करने के लिए प्रेरित करना होता है। इस तरह की कारगर लेखन शैली एक आम प्रोडक्ट डिस्क्रिप्शन से लंबी हो सकती है। लेकिन फिर भी इसे संक्षिप्त होना चाहिए और मुद्दे की बात करनी चाहिए। ईमेल कॉपी में ग्राफिक्स और विज़ुअल्स के साथ जगह साझा करनी पड़ती है, इसलिए इनबॉक्स में मौजूद बाकी चीज़ों की ओर बढ़ने से पहले ही इसे यूज़र्स का ध्यान अपनी ओर खींचना होता है।
सेल्स लेटर सादे टेक्स्ट में लिखा जाने वाला एक तरह का लंबा ईमेल होता है। ब्रांड अक्सर इनका इस्तेमाल किसी विषय पर एक स्टैंडर्ड मार्केटिंग ईमेल से ज़्यादा जानकारी देने के लिए करते हैं। हालाँकि इन्हें अक्सर किसी कंपनी के CEO (सीईओ) या संस्थापक की ओर से भेजा दिखाया जाता है, लेकिन ये आमतौर पर किसी कॉपीराइटर द्वारा ही लिखे जाते हैं।
सोशल मीडिया विज्ञापन और पोस्ट
इस प्रकार की विज्ञापन कॉपी में सोशल मीडिया पोस्ट के लिए ब्रांडेड कंटेंट बनाना आता है। यह कंटेंट नए ग्राहकों तक पहुँचने वाले पेड विज्ञापन हो सकते हैं या फिर इसे किसी ब्रांड के अकाउंट के मौजूदा फॉलोअर्स के लिए पोस्ट किया जाता है। सोशल मीडिया कॉपी के अन्य रूपों में वीडियो और रील्स की स्क्रिप्ट, कैप्शन, और डिज़ाइन की गई पोस्ट के लिए कॉपी शामिल होती हैं।
लॉन्ग-फॉर्म कॉपी
हालाँकि कॉपीराइटिंग में आमतौर पर तय सीमाओं के भीतर लिखना पड़ता है, लेकिन लॉन्ग-फॉर्म कंटेंट तैयार करने में भी कॉपीराइटर एक एहम भूमिका निभाते हैं। इसमें आंतरिक संचार, किसी बड़े लॉन्च के लिए प्रेस रिलीज़, या फिर ग्राहकों को किसी प्रोडक्ट या सर्विस के इस्तेमाल का तरीका सिखाने वाली कोई ब्लॉग पोस्ट शामिल हो सकती है। इसका एक और आम उदाहरण है वाइट पेपर। यह एक विस्तृत रिपोर्ट होती है, जो बताती है कि कोई प्रोडक्ट या सर्विस क्या करती है और उससे किन समस्याओं का समाधान होता है।
4 कदमों में कॉपीराइटर कैसे बनें
- अपने लेखन कौशल को निखारें
- अपनी विशेषज्ञता तय करें
- एक पोर्टफोलियो बनाएँ
- नेटवर्क बनाकर नौकरियों के लिए अप्लाई करें
अगर आप एक कॉपीराइटर बनना चाहते हैं, तो अपने करियर की शुरुआत के लिए आपको ये कदम उठाने होंगे, फिर चाहे आप एक फ्रीलांस कॉपीराइटिंग बिज़नेस खड़ा करना चाहते हों या फिर किसी कंपनी में कॉर्पोरेट कॉपीराइटर के तौर पर नौकरी पाना चाहते हों।
1. अपने लेखन कौशल को निखारें
कॉपीराइटर के पास अक्सर पत्रकारिता, मार्केटिंग, क्रिएटिव राइटिंग, या बिज़नेस में डिग्री होती है। इससे उन्हें अपने कौशल को निखारकर अपने विषय के बारे में बेहतर जानकारी विक्सित करने में मदद मिलती है। आप कॉपीराइटिंग की बुनियादी बातें सिखाने वाले कोर्स भी कर सकते हैं, जैसे SEO (एसईओ, या सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन), सोशल मीडिया कॉपीराइटिंग, या डिजिटल मार्केटिंग। आपको एहम सुझाव देकर ये कोर्स आपकी विश्वसनीयता बढ़ाने में कारगर साबित हो सकते हैं।
ऐसे कोर्स खोजें, जो तकनीकी निर्देश देते हों, किसी खास क्षेत्र (मेडिकल राइटिंग, टेक्निकल राइटिंग) में विशेषज्ञता हासिल करने का मौका मुहैया कराते हों, और अपने ब्रांड को खड़ा करके नौकरियाँ (कोल्ड पिचिंग, पोर्टफोलियो बनाना) पाना सिखाते हों। अगर कोर्स में फीडबैक पाने, सवाल पूछने, या फिर किसी ऑनलाइन कम्युनिटी से जुड़ने की सुविधा हो, तो इसका आपका और भी फ़ायदा होगा।
हाँ, डिग्री और सर्टिफिकेट ज़रूरी नहीं होते। आप खुद से भी कॉपीराइटिंग का अभ्यास कर सकते हैं। ब्लॉग, ऑनलाइन ट्यूटोरियल्स, और अनुभवी कॉपीराइटर्स की प्रभावशाली मार्केटिंग कॉपी का विश्लेषण करके अपने लेखन में निखार लाते रहें।
Dustin (डस्टिन) कहते हैं, “मैं तो आमतौर पर बार-बार एक ही फॉर्मूला अपनाता हूँ। यह एक बहुत आम कॉपीराइटिंग फॉर्मूला है, जिसे AIDA कहा जाता है। AIDA का मतलब होता अटेंशन (ध्यान), इंटरेस्ट (रुचि), डिज़ायर (इच्छा), और एक्शन (कदम)।” AIDA मॉडल का उद्देश्य ग्राहकों का ध्यान आकर्षित करना, फिर उनकी रुची पैदा करना, उसके बाद उन्हें बताना कि आपका प्रोडक्ट उनकी समस्या को कैसे हल कर सकता है, और अंत में उन्हें खरीदारी जैसे किसी कदम की ओर ले जाना होता है। अपने लेखन को बेहतर बनाने के लिए आप इस मॉडल का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप PAS (प्रॉब्लम, एगिटेट, सॉल्यूशन) या फिर 4Cs (क्लियर, कॉन्साइज़, कम्पेलिंग, और क्रेडिबल) जैसे अन्य जाँचे-परखे फॉर्मूलों पर भी विचार कर सकते हैं।
2. अपनी विशेषज्ञता तय करें
अपने कॉपीराइटिंग करियर को समझने का एक और एहम हिस्सा यह तय करना होता है कि आप किस तरह की कॉपीराइटिंग करना चाहते हैं। कुछ कॉपीराइटर टेक, ब्यूटी, या हेल्थ जैसी खास इंडस्ट्रीज़ में विशेषज्ञता रखते हैं, जहां अपने विषय की गहरी समझ ज़रूरी होती है। अपनी रुचियों, ज्ञान, और किसी इंडस्ट्री में मौजूद अपने नेटवर्क को ध्यान में रखकर अपनी विशेषज्ञता का क्षेत्र चुनें और उसी दिशा में अपने कॉपीराइटिंग स्किल को विकसित करें। वहीँ, अगर आप चाहें, तो एक जनरलिस्ट के तौर पर काम करने का फ़ैसला करके अलग-अलग इंडस्ट्रीज़ में आप कंटेंट भी बना सकते हैं।
अपनी दिलचस्पियों के आधार पर आप किसी एड एजेंसी में कॉपीराइटर, किसी कंपनी के मार्केटिंग विभाग में कॉर्पोरेट कॉपीराइटर, या फिर फ्रीलांस कॉपीराइटिंग के तौर पर काम कर सकते हैं।
3. एक पोर्टफोलियो बनाएँ
जब आप अपने कॉपीराइटिंग सफर की शुरुआत कर रहे होते हैं, तो एक ऑनलाइन पोर्टफोलियो बनाना थोड़ा मुश्किल लग सकता है। अपने कॉपीराइटिंग स्किल दिखाने के लिए आपको अपने काम के सैंपल चाहिए होते हैं, लेकिन उन सैंपल्स को पाने के लिए आपको पहले कुछ ग्राहकों के साथ काम करने का अनुभव भी चाहिए होता है।
इसी चुनौती से निपटने के लिए आप अपने कॉपीराइटिंग नीश से जुड़े किसी विषय पर एक ब्लॉग शुरू करके अपने लेखन कौशल को दिखा सकते हैं और फिर उसे अन्य ऑनलाइन प्रकाशनों को भी भेज सकते हैं। अगर आप किसी खास क्षेत्र में खुद को एक जानकार लेखक के तौर पर स्थापित कर लेते हैं, तो आपको अपना पहला कॉपीराइटिंग प्रोजेक्ट मिलने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही, संभावित ग्राहकों को दिखाने के लिए आपके पास ऑनलाइन लेखन के सैंपल भी तैयार हो जाते हैं। इस तरह का लेखन अनुभव आपके स्किल में निखार लाता है और पहला बड़ा मौका आने पर आपको तैयार रखता है।
Dustin (डस्टिन) कहते हैं, “मैं कोई कॉपीराइटिंग का जीनियस नहीं हूँ। मैं हमेशा एक जैसा नहीं लिख पाता। मैं कई बार ऐसी चीज़ें आज़माता हूँ, जो काम नहीं करतीं। कभी-कभी मुझसे स्पेलिंग की गलतियाँ भी हो जाती हैं। मैं हरगिज़ परफेक्ट नहीं हूँ। लेकिन एक चीज़, जो मेरे सबसे ज़्यादा काम आई है, वह यह है कि मैं लगातार लिखता रहता हूं और अपने आसपास मौजूद हर चीज़ का इस्तेमाल करने की कोशिश करता हूं।”
जब आप असली कॉपीराइटिंग ग्राहकों के लिए कॉपी लिखना शुरू करते हैं, तो काम को सेव और डाउनलोड करना न भूलें। ऐसा करने से बाद में आप उसे अपने पोर्टफोलियो में शामिल कर सकेंगे, फिर भले ही वह अब किसी ब्रांड की वेबसाइट या सोशल चैनलों पर उपलब्ध न हो। आपके लेखन कौशल को निखारकर अलग-अलग कंपनियों की ब्रांड वॉइस के अनुसार खुद को फटाफट ढालने में आपका अनुभव ही आपके काम आएगा।
4. नेटवर्क बनाकर नौकरियों के लिए अप्लाई करें
अब समय है कॉपीराइटिंग से कमाई शुरू करने का। अगर आप इस क्षेत्र में बिलकुल नए हैं, तो Upwork (अपवर्क) या Fiverr (फाइवर) जैसे जॉब बोर्ड पर फ्रीलांस कॉपीराइटर नौकरियाँ खोजें, ताकि अपनी शुरुआत करके आप अपने पहले कॉपीराइटिंग ग्राहक ढूँढ सकें। इन प्लेटफ़ॉर्मों के साथ-साथ LinkedIn (लिंक्डइन) और Indeed (इंडीड) जैसी जॉब सर्च साइट्स पर भी अपना पोर्टफोलियो शेयर करें।
जिस इंडस्ट्री में आप काम करना चाहते हैं, उसमें नेटवर्किंग इवेंट्स और ट्रेड शो में जाकर प्रोफेशनल संबंध बनाएँ। LinkedIn (लिंक्डइन) और Facebook (फेसबुक) पर मौजूद ऑनलाइन ग्रुप्स को जॉइन करके दूसरे कॉपीराइटर्स और मार्केटिंग प्रोफेशनल्स से जुड़ें। आप अपने शहर में होने वाली राइटर्स कॉन्फ्रेंस में जाकर भी अन्य लेखकों और लेखन से जुड़े प्रोफेशनल्स से मिल सकते हैं। इस तरह की नेटवर्किंग अक्सर नए मौकों के दरवाज़े खोल देती है। अगर आपके किसी लेखक दोस्त के पास ज़रूरत से ज़्यादा काम हो, तो वे एक्स्ट्रा प्रोजेक्ट आपको दे सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर आप भी यही कर सकते हैं। समय के साथ, यह तरीका लगातार नए प्रोजेक्ट्स दिलाने और नए क्लाइंट्स तक पहुँच बनाने में आपके काम आता है।
कॉपीराइटर कैसे बनें: अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
बिना अनुभव के मैं कॉपीराइटर कैसे बनूँ?
कॉपीराइटर बनने का सबसे अच्छा तरीका है लेखन का एक पोर्टफोलियो बनाना, ताकि आप संभावित ग्राहकों को अपने स्किल्स दिखा सकें। आपके कॉपीराइटिंग सैंपल तैयार हो जाने पर आप इंटर्नशिप और एंट्री-लेवल की नौकरियों के लिए अप्लाई कर सकते हैं या फिर एक फ्रीलांस लेखक के तौर पर काम कर सकते हैं।
फ्रीलांस कॉपीराइटर बनने के लिए मुझे किन योग्यताओं की ज़रूरत है?
कॉपीराइटिंग करने के लिए आपको किसी खास डिग्री या सर्टिफिकेशन की ज़रूरत नहीं होती। हाँ, पत्रकारिता, मार्केटिंग, या क्रिएटिव राइटिंग जैसे क्षेत्रों में की गई पढ़ाई आपके कॉपीराइटिंग स्किल को विकसित करने में काम आ सकती है। इसके अलावा, आप SEO (एसईओ, या सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन), टेक्निकल राइटिंग, और कंटेंट मार्केटिंग जैसे विषयों में ऑनलाइन या ऑफलाइन कोर्स भी कर सकते हैं।
कॉपीराइटिंग कोर्स चुनते समय मुझे किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
अगर आप एक प्रोफेशनल कॉपीराइटर बनने के लिए कोई ऑनलाइन या ऑनलाइन कॉपीराइटिंग कोर्स करना चाहते हैं, तो तकनीकी लेखन कौशल के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भी जोर देने वाला कोई कोर्स चुनें। उदाहरण के लिए, सोशल मीडिया और SEO (एसईओ, या सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन) के लिए लेखन, पोर्टफोलियो बनाना, और ग्राहकों को पिच करना सिखाने वाला कोई कोर्स। ऐसा कोर्स और भी बेहतर होता है, जिसमें कोई मेंटर, पूर्व छात्रों की कम्युनिटी, या फिर सवाल पूछने और फीडबैक पाने की सुविधा उपलब्ध हो।
इस बारे में और जानने के लिए आप इस वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।

