कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
क्या आपने कभी किसी डोमेन नाम या वेबसाइट का पता देखकर सोचा है कि इसे रजिस्टर करने वाला इतना तेज़ या इतना पहले कैसे पहुँचा? इंटरनेट के शुरुआती दौर में कई लोगों ने सामान्य शब्दों वाले डोमेन नाम जल्दी रजिस्टर कर लिए थे। आज वही डोमेन लाखों रुपये की डिजिटल संपत्ति बन चुके हैं, सैन फ्रांसिस्को के एक प्रोग्रामर ने बस मन में आया तो Milk.com रजिस्टर कर लिया। उनका डेयरी से कोई लेना-देना नहीं था, कोई स्टार्टअप आइडिया भी नहीं था। बस चॉकलेट मिल्क पसंद था और "मिल्क बॉय" उपनाम मज़ेदार लगा।
तीस साल बाद, आज वही साधारण-सा डोमेन नाम अब इंटरनेट और सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन (SEO) की दुनिया में बेशकीमती डिजिटल संपत्ति बन चुका है, जिसकी कीमत लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक आँकी जाती है। यही डोमेन की असलियत है: एक साधारण-सा शब्द भी किसी खज़ाने से कम नहीं हो सकता।
तो जब आपके बिज़नेस के लिए चाहा गया नाम पहले से किसी और के पास हो, तो पहला सवाल सीधा है: यह किसके पास है? इसका सबसे तेज़ जवाब मिलता है WHOIS (उच्चारण: "हू इज़") लुकअप से। इसमें प्राइवेसी शील्ड और RDAP रिकॉर्ड जानकारी छुपा सकते हैं, लेकिन फिर भी मालिक तक पहुँचने के रास्ते मौजूद हैं।
WHOIS लुकअप क्या है?
WHOIS लुकअप से आप यह जान सकते हैं कि किसी डोमेन को किसने रजिस्टर किया और वह कितने समय से उसके पास है। इसे प्रॉपर्टी रिकॉर्ड की तरह समझें: जैसे हर मकान का रिकॉर्ड स्थानीय प्राधिकरण के पास होता है, वैसे ही हर डोमेन एक रजिस्ट्री में दर्ज होता है, जिसमें मालिक, रजिस्ट्रार और एक्सपायरी डेट की जानकारी होती है।
किसी भी मान्यता प्राप्त डोमेन रजिस्ट्रार से खरीदा गया हर डोमेन ग्लोबल WHOIS डेटाबेस में दर्ज होता है।
जब आप किसी WHOIS सर्च टूल में कोई डोमेन (या IP एड्रेस) डालते हैं, तो सिस्टम संबंधित रजिस्ट्री से जानकारी लेकर सबसे हालिया रिकॉर्ड दिखाता है। उस रिकॉर्ड में ये जानकारियाँ हो सकती हैं:
- स्वामित्व विवरण: रजिस्ट्रेंट के रूप में दर्ज नाम, संगठन, या प्रॉक्सी सेवा।
- रजिस्ट्रेशन और एक्सपायरी तारीखें: डोमेन कब बनाया गया और कब एक्सपायर होगा।
- रजिस्ट्रार की जानकारी: वह कंपनी जिसके ज़रिए डोमेन खरीदा गया।
- संपर्क जानकारी: मालिक तक पहुँचने के लिए ईमेल या अनामित प्रॉक्सी एड्रेस।
- नेम सर्वर: DNS जानकारी जो बताती है कि डोमेन कहाँ पॉइंट करता है और उसे कौन होस्ट करता है।
हिस्टोरिकल WHOIS लुकअप
एक सामान्य WHOIS लुकअप बताता है कि आज डोमेन किसके पास है। हिस्टोरिकल WHOIS सर्च इससे आगे जाती है, जो पुराने स्वामित्व रिकॉर्ड, रजिस्ट्रार बदलाव और वर्षों पुरानी तकनीकी जानकारी दिखाती है।
इसमें आप हर पिछले मालिक को देख सकते हैं, ठीक वैसे जैसे किसी मकान के पुराने दस्तावेज़ खंगाले जाते हैं।
लेकिन इसकी ज़रूरत क्यों पड़ती है?
- सुरक्षा खतरों को ट्रैक करने के लिए: केवल Q2 2025 में ही 2.6 करोड़ से अधिक डोमेन रजिस्टर हुए। इनमें से कई फिशिंग या दुर्भावनापूर्ण अभियानों में इस्तेमाल होते हैं। हिस्टोरिकल WHOIS से आप पैटर्न पहचान सकते हैं और बार-बार गड़बड़ी करने वालों को चिह्नित कर सकते हैं।
- कानूनी मामले बनाने के लिए: जब रजिस्ट्रेंट प्राइवेसी शील्ड या RDAP अनामीकरण के पीछे छुपे हों, तो पुराने रिकॉर्ड स्वामित्व बदलाव, संदिग्ध गतिविधि, या डोमेन के दुरुपयोग को उजागर करने में मदद करते हैं।
- खरीदने से पहले जाँच के लिए: Q1 2025 तक दुनिया भर में लगभग 36.84 करोड़ डोमेन रजिस्टर्ड थे। उदाहरण के लिए, अगर आप भारत में कोई ऑनलाइन कपड़ों या लोकल बिज़नेस ब्रांड शुरू करना चाहते हैं, तो संभव है कि आपका पसंदीदा डोमेन पहले से रजिस्टर हो। स्पैम, मैलवेयर, या पुरानी गड़बड़ियों की जाँच के लिए हिस्टोरिकल डेटा ज़रूरी है।
- SEO संभावना परखने के लिए: पुराना डोमेन सर्च अथॉरिटी दे सकता है, बशर्ते उसका इतिहास साफ हो। हिस्टोरिकल WHOIS बताता है कि डोमेन सक्रिय रहा, बार-बार हाथ बदला, या संदिग्ध इरादे से दोबारा इस्तेमाल हुआ।
कई प्रदाता WHOIS रिकॉर्ड के आर्काइव रखते हैं, कुछ तो 15 साल से भी पुराने। 2025 में सबसे उपयोगी विकल्प ये हैं:
- डोमेनटूल्स (DomainTools): यह साइबर सिक्योरिटी प्रोफेशनल्स और बड़ी कंपनियों द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला एडवांस्ड WHOIS आर्काइव टूल है।
- व्हॉइसएक्सएमएल एपीआई (WhoisXML API): यह डेवलपर्स, रिसर्चर्स और बल्क डोमेन एनालिसिस करने वालों के लिए उपयोगी टूल है, जो नए और एक्सपायर्ड डोमेन को ट्रैक करने में मदद करता है।
- व्यूडीएनएस.इन्फो (ViewDNS.info): छोटे बिज़नेस, ब्लॉगर्स और SEO प्रोफ़ेशनल के लिए एक आसान और मुफ्त WHOIS जाँच विकल्प।
डोमेन का मालिक कैसे पता करें
ध्यान दें: इस लेख में बताए गए टूल्स, प्लेटफ़ॉर्म और उदाहरण सामान्य जानकारी के लिए हैं। कुछ सेवाओं के फीचर्स, कीमतें या उपलब्धता भारत में अलग हो सकती है। डोमेन से जुड़ी जानकारी और नियम समय के साथ बदल सकते हैं, इसलिए किसी भी ज़रूरी बिज़नेस, कानूनी या तकनीकी फैसले से पहले संबंधित प्लेटफ़ॉर्म या आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी जरूर जाँच लें।
यहाँ पाँच आसान चरण दिए गए हैं जिनसे आप ज़रूरी सारी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
1. WHOIS लुकअप टूल खोजें
ये टूल ग्लोबल डोमेन रजिस्ट्री से जानकारी लेते हैं और रजिस्ट्रार, रजिस्ट्रेशन व एक्सपायरी तारीखें, नेम सर्वर, और (अगर छुपी न हो तो) स्वामित्व संपर्क जानकारी दिखाते हैं।
Whois डोमेन लुकअप टूल से शआत करें, जहाँ डोमेन नाम डालकर आसानी से मालिक का पता लगाया जा सकता है।
अगर आपका मनचाहा नाम उपलब्ध हो, तो Shopify के डोमेन सर्च टूल से उसे खोजें। बस वह डोमेन डालें जो आप चाहते हैं और लोकप्रिय डोमेन नाम विकल्प और उपलब्ध एक्सटेंशन देखें। पसंद का डोमेन मिलते ही उसी पेज पर उसे सुरक्षित कर लें।
आपकी ज़रूरत के अनुसार, आप इनमें से कोई भी प्रदाता आज़मा सकते हैं:
- ICANN लुकअप इंटरनेट कॉर्पोरेशन फॉर असाइन्ड नेम्स एंड नंबर्स द्वारा संचालित आधिकारिक रजिस्ट्री लुकअप है, जो सभी मान्यता प्राप्त रजिस्ट्रारों में प्रामाणिक परिणाम देता है।
- गोडैडी WHOIS (GoDaddy WHOIS) भारत में छोटे बिज़नेस और वेबसाइट मालिकों के बीच काफी लोकप्रिय है। इसका इंटरफेस सरल है और यह खासतौर पर तब उपयोगी है जब आप गोडैडी की ब्रोकरेज सेवा के ज़रिए डोमेन खरीदना चाहते हों।
- होस्टिंगर WHOIS (Hostinger WHOIS) भारत में नए वेबसाइट मालिकों और छोटे बिज़नेस के लिए लोकप्रिय और किफायती विकल्पों में से एक है, जिसे छोटे बिज़नेस मालिक त्वरित जाँच के लिए अक्सर इस्तेमाल करते हैं।
- नेटवर्क सॉल्यूशंस WHOIS (Network Solutions WHOIS) शुरुआती रजिस्ट्रार टूल्स में से एक है और आज भी विस्तृत WHOIS जानकारी देता है।
- डीएनसिंपल WHOIS (DNSimple WHOIS) डेवलपर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसका इंटरफेस साफ है और DNS मैनेजमेंट सेवाओं के साथ इसका इंटीग्रेशन भी है।
2. डोमेन नाम URL खोजें
डोमेन की जानकारी पाने के लिए WHOIS सर्च बार में डोमेन URL डालें और सर्च बटन दबाएँ।
पहले WHOIS बुनियादी जानकारी दिखाएगा: डोमेन का इतिहास, ID, डोमेन रजिस्ट्रार सर्वर और URL, और बनाने की तारीख। नीचे दिए उदाहरण में shopify.com को 11 मार्च 2003 को बनाया गया और यह मार्कमॉनिटर (Markmonitor) के साथ रजिस्टर्ड है:
आप "अधिक जानकारी देखें" चुनकर विंडो को विस्तार दे सकते हैं और डोमेन नाम के बारे में अधिक WHOIS डेटा देख सकते हैं।
3. पता करें कि संपर्क जानकारी निजी है या नहीं
WHOIS लुकअप चलाने पर हमेशा रजिस्ट्रेंट का नाम और ईमेल नहीं दिखता। कई डोमेन मालिक प्राइवेसी शील्ड या प्रॉक्सी सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं, जो उनकी निजी जानकारी की जगह एक सामान्य संपर्क बिंदु दिखाती हैं। ऐसे में आपको केवल यही मिल सकता है:
- एक रिडैक्टेड ईमेल एड्रेस (जैसे एक मास्क्ड प्रॉक्सी ईमेल जो असली मालिक को फॉरवर्ड होती है)
- रजिस्ट्रेंट की जगह किसी प्राइवेसी सेवा प्रदाता का नाम
- रजिस्ट्रार द्वारा दिया गया एक सामान्य संपर्क फॉर्म
इसका मतलब यह नहीं कि रास्ता बंद हो गया। आप रिकॉर्ड में दिए अनामित ईमेल या रजिस्ट्रार संपर्क के ज़रिए अभी भी पहुँच सकते हैं।
यह अब बेहद आम हो चुका है: जुलाई 2025 तक, नए रजिस्टर्ड डोमेन (NRDs) में से 53.1% के WHOIS रिकॉर्ड रिडैक्टेड थे। यानी आधे से अधिक नए रजिस्ट्रेशन में प्राइवेसी बाधाएँ हैं, इसलिए इसे अपवाद नहीं, नियम मानकर चलें।
अगर रिकॉर्ड छुपा हो तो हार न मानें। दिए गए प्रॉक्सी संपर्कों का इस्तेमाल करें, हिस्टोरिकल WHOIS सर्च चलाएँ, या DNS और SSL रिकॉर्ड जाँचने जैसे अतिरिक्त कदम उठाएँ।
4. रजिस्ट्रेंट की संपर्क जानकारी खोजें
अगर डोमेन मालिक की पहचान छुपी हो, तो उस कंपनी के बारे में वेब सर्च करें जो डोमेन की मालिक है। आपको हमसे संपर्क करें या हमारे बारे में पेज मिल सकता है जिसमें कंपनी के नेतृत्व, संस्थापकों, मालिकों आदि के नाम हों। अगर यह उपलब्ध न हो, तो आप पता लगा सकते हैं कि कंपनी कहाँ रजिस्टर्ड है और संबंधित डेटाबेस में जानकारी खोज सकते हैं।
अगर डोमेन किसी भारतीय कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड हो, तो आप Ministry of Corporate Affairs (MCA) की वेबसाइट पर कंपनी का नाम खोज सकते हैं। वहाँ से कंपनी का CIN नंबर, रजिस्टर्ड पता, निदेशकों के नाम और अन्य बुनियादी जानकारी मिल सकती है।
इसके अलावा GSTIN सर्च और Startup India जैसी डायरेक्टरी भी बिज़नेस सत्यापन में मदद कर सकती हैं। उदाहरण के लिए, मान लीजिए कोई भारतीय कंपनी किसी डोमेन की मालिक है, तो आप MCA पोर्टल पर उसकी रजिस्ट्रेशन जानकारी देख सकते हैं।
बस यह ध्यान रखें कि बिज़नेस का मालिक और डोमेन मालिक एक ही व्यक्ति नहीं भी हो सकता।
5. संबंधित डोमेन के लिए रिवर्स WHOIS का इस्तेमाल करें
एक सामान्य WHOIS लुकअप किसी एक डोमेन की जानकारी देता है। रिवर्स WHOIS सर्च इसे उलट देती है।
यानी डोमेन से शुरू करने की बजाय, आप रजिस्ट्रेंट की किसी जानकारी, जैसे ईमेल एड्रेस, संगठन का नाम, या फोन नंबर, से शुरू करते हैं और देखते हैं कि उससे और कौन-कौन से डोमेन रजिस्टर्ड हैं।
यह कई स्थितियों में बेहद काम का टूल है:
- सुरक्षा जाँच के लिए: एक ही रजिस्ट्रेंट से जुड़े दर्जनों फिशिंग या स्पैम डोमेन उजागर करके दुर्भावनापूर्ण नेटवर्क की पहचान करें।
- ब्रांड पहचान की सुरक्षा के लिए: उन साइबर स्क्वैटर्स को पकड़ें जो आपके ब्रांड नाम की कई विविधताएँ रजिस्टर करते हैं (जैसे "yourbrand-shop.com," "yourbrand-sale.net," "yourbrand.io")।
- साइबर क्राइम रिसर्च के लिए: ऊपर से असंबंधित दिखने वाली संदिग्ध साइटों के बीच एक ही रजिस्ट्रेशन डेटा की कड़ी जोड़ें।
- उचित जाँच के लिए: किसी कंपनी के साथ साझेदारी या खरीदारी से पहले उनके डोमेन पोर्टफोलियो में कोई संदिग्ध बात तो नहीं, यह जाँचें।
चूँकि अब कई डोमेन प्राइवेसी शील्ड का इस्तेमाल करते हैं, रिवर्स WHOIS तब सबसे अच्छा काम करती है जब आपके पास कम से कम एक ठोस डेटा पॉइंट हो, जैसे कोई ईमेल एड्रेस। डोमेनटूल्स और व्हॉइसएक्सएमएल एपीआई जैसे पेड प्रदाता व्यापक रिवर्स WHOIS क्षमताएँ देते हैं।
डोमेन का मालिक पता चलने के बाद क्या करें
जब आप जान लें कि मनचाहा डोमेन किसके पास है, तो अगला कदम है उनसे संपर्क करना और डोमेन ट्रांसफर के लिए सौदा तय करना।
डोमेन मालिक से संपर्क करें
सबसे पहले डोमेन मालिक से संपर्क करना ज़रूरी है। ऊपर दिए सुझाव उनका डाक पता खोजने में मदद कर सकते हैं। लेकिन अगर आप ईमेल जैसे किसी और माध्यम से पहुँचना चाहते हैं, तो गूगल सर्च से शुरुआत करें।
व्यक्ति का नाम गूगल पर डालें और देखें क्या आता है। या "[नाम] ईमेल एड्रेस" या "[नाम] संपर्क जानकारी" खोजें। अगर नतीजे न मिलें, तो Hunter.io या लिंक्डइन (LinkedIn) जैसे डेटाबेस देखें।
डोमेन हासिल करने के लिए सौदा करें
डोमेन मालिक से संपर्क होने के बाद, बातचीत के लिए तैयार रहें। एक राशि मन में रखें, लेकिन काउंटरऑफर की उम्मीद भी रखें।
कीमत तय करते समय डोमेन अथॉरिटी यानी मौजूदा साइट की सर्च इक्विटी पर ध्यान दें। अगर साइट पुरानी है और सर्च इंजन रिज़ल्ट पेज (SERPs) में ऊँची रैंक नहीं करती, तो कम कीमत का प्रस्ताव दे सकते हैं। लेकिन अच्छे SEO और मज़बूत डिजिटल उपस्थिति वाली अपडेटेड साइट के लिए अधिक खर्च करना पड़ेगा।
डोमेन पर उचित जाँच करें
एक साफ रिकॉर्ड ट्रांसफर के बाद आपके ब्रांड, SEO और ईमेल डिलीवरेबिलिटी की रक्षा करता है।
ये मुख्य जाँचें ज़रूर करें:
- ट्रेडमार्क विवाद: वर्ल्ड इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी ऑर्गेनाइज़ेशन (WIPO) और भारत के IP India पोर्टल जैसे डेटाबेस में ट्रेडमार्क की जाँच करें कि डोमेन किसी मौजूदा ट्रेडमार्क से जुड़ा तो नहीं। किसी और के ट्रेडमार्क का उल्लंघन करने वाला डोमेन खरीदना कानूनी विवाद या ज़बरदस्ती ट्रांसफर का जोखिम बन सकता है।
- फिशिंग या दुरुपयोग का इतिहास: फिशटैंक (PhishTank) जैसी साइटों पर जाँचें कि डोमेन कभी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के लिए रिपोर्ट हुआ है या नहीं। फिशिंग या स्पैम की पुरानी छवि आपकी विश्वसनीयता और ईमेल डिलीवरेबिलिटी को नुकसान पहुँचा सकती है।
- ब्लॉकलिस्ट स्टेटस: ब्लॉकलिस्ट मॉनिटरिंग टूल से जाँचें कि डोमेन किसी सुरक्षा विक्रेता या ईमेल प्रदाता द्वारा ब्लैकलिस्ट तो नहीं किया गया। अगर हुआ है, तो भरोसा वापस पाना धीमा और महँगा हो सकता है।
- उन्नत स्वामित्व डेटा: अगर WHOIS और RDAP परिणाम रिडैक्टेड हों, तो ICANN की रजिस्ट्रेशन डेटा रिक्वेस्ट सर्विस (RDRS) के ज़रिए रजिस्ट्रेंट डेटा के लिए अनुरोध कर सकते हैं। यह आमतौर पर कानूनी, कानून प्रवर्तन, या ब्रांड सुरक्षा के संदर्भ में इस्तेमाल होता है।
सुझाव: यह कदम तब भी न छोड़ें जब डोमेन पहली नज़र में साफ लगे। एक त्वरित WIPO या फिशटैंक जाँच छुपे हुए जोखिम उजागर कर सकती है, जैसे कोई सक्रिय ट्रेडमार्क दावा या फिशिंग का इतिहास, जो आगे चलकर कानूनी खर्च, SEO पेनल्टी, या ग्राहकों का भरोसा खोने का कारण बन सकता है।
अपनी साइट को नए डोमेन पर माइग्रेट करें
स्वामित्व मिलने के बाद, आप अपनी मौजूदा साइट को नए डोमेन पर माइग्रेट कर सकते हैं। Shopify पर साइट माइग्रेट करने के कई सरल विकल्प हैं।
अगर आप नई वेबसाइट बना रहे हैं, तो यह चरण छोड़ें और सीधे वेबसाइट बनाना शुरू करें। Shopify से थर्ड-पार्टी डोमेन को अपने स्टोर से जोड़ना आसान है।
अगर मनचाहा डोमेन न मिले तो क्या करें
कभी-कभी WHOIS लुकअप और संपर्क के बाद भी मालिक बेचने को तैयार नहीं होता, या माँगी गई कीमत बहुत अधिक होती है। ऐसे में भी कई समझदारी भरे विकल्प मौजूद हैं।
डोमेन नाम के लिए नए विचार सोचें
अगर मनचाहा डोमेन न मिले, तो किसी दूसरे रजिस्ट्रेंट से संपर्क करें या नए विचार सोचें।
डोमेन नाम चुनने की प्रक्रिया तेज़ करने के लिए ये सुझाव अपनाएँ:
- कोई अलग टॉप-लेवल डोमेन (TLD) आज़माएँ: TLD वेब एड्रेस में डॉट के बाद आने वाले अक्षर होते हैं। कई वेबसाइटें .com TLD इस्तेमाल करती हैं, जबकि भारत में .in और .co.in डोमेन भी काफी लोकप्रिय हैं। आप .in, .co.in, .shop, .store, .org जैसे एक्सटेंशन में अपना मनचाहा नाम उपलब्ध है या नहीं, यह जाँच सकते हैं।
- डोमेन नाम में कोई शब्द जोड़ें: "shop" और "buy” डोमेन नाम में अच्छे लगते हैं। उदाहरण के लिए, अगर shoes.com उपलब्ध नहीं है, तो shopshoes.com या buyshoes.com आज़माएँ। या .shop या .store जैसा TLD चुनें।
- डोमेन नाम जनरेटर का इस्तेमाल करें: Shopify का फ्री डोमेन नाम जनरेटर आपके विचारों और कीवर्ड से बिज़नेस के लिए रचनात्मक डोमेन नाम सुझाता है।

डोमेन नीलामी और मार्केटप्लेस पर विचार करें
डोमेन नीलामी, डोमेन मालिकों और संभावित खरीदारों के बीच एक मध्य मार्ग है। एस्क्रो सेवाएँ डोमेन के सफल ट्रांसफर तक धनराशि रोककर दोनों पक्षों की रक्षा करती हैं।
ये मार्केटप्लेस प्रीमियम डोमेन तक पहुँचने के लिए अच्छे हैं, लेकिन डोमेन की कीमतें बढ़ सकती हैं क्योंकि कुछ मालिक नीलामी-शैली की बोली से अपने प्रीमियम डोमेन की सबसे अच्छी कीमत पाने की कोशिश करते हैं।
WHOIS प्राइवेसी और GDPR बदलावों को समझें
2018 में GDPR (यूरोपीय संघ का जनरल डेटा प्रोटेक्शन रेगुलेशन) लागू होने के बाद से WHOIS डेटा को इकट्ठा करने, संग्रहीत करने और साझा करने का तरीका काफी बदल गया है। ये बदलाव मुख्य रूप से निजी डेटा की रक्षा करते हैं, लेकिन इससे डोमेन स्वामित्व की जानकारी कम दिखती है।
अगस्त 2025 में, ICANN की नई रजिस्ट्रेशन डेटा पॉलिसी (RDP) ने अंतरिम नियमों की जगह ली, जिसमें रजिस्ट्रारों को क्या और कैसे बताना है, इस पर सख्त मानक लागू हुए।
क्या बदला है:
- अपडेटेड पॉलिसी के तहत, WHOIS/रजिस्ट्रेशन डेटा डायरेक्टरी सर्विसेज़ (RDDS) डिफ़ॉल्ट रूप से कई संपर्क फ़ील्ड को रिडैक्ट करती हैं या सार्वजनिक पहुँच सीमित करती हैं, जब तक रजिस्ट्रेंट स्पष्ट रूप से ऑप्ट-इन न करे।
- रजिस्ट्रारों और रजिस्ट्रियों को 21 अगस्त 2025 तक अनुपालन करना था, यानी अब सार्वजनिक WHOIS सर्च में बिलिंग, प्रशासन और तकनीकी संपर्क जैसे फ़ील्ड नियमित रूप से छुपे या हटे हुए मिलते हैं।
- डोमेन संपर्क विवरण में "संगठन/कंपनी" फ़ील्ड अब कानूनी महत्व रखती है: अगर भरी हो, तो संगठन को डोमेन का रजिस्टर्ड नाम धारक (यानी "मालिक") माना जाता है। अगर खाली हो, तो रजिस्ट्रेंट संपर्क में नामित व्यक्ति को मालिक माना जाता है।
नई पॉलिसी के तहत आपके कदम:
- अपने मौजूदा डोमेन विवरण की समीक्षा करें: सुनिश्चित करें कि आपका संगठन फ़ील्ड (अगर इस्तेमाल में हो) और रजिस्ट्रेंट नाम सही हैं। नए नियमों के तहत यही कानूनी स्वामित्व तय करेगा।
- जाँचें कि सार्वजनिक रूप से क्या दिखता है: WHOIS/RDDS सर्च करें और देखें कि कौन से फ़ील्ड रिडैक्टेड हैं। इससे आपको पता चलेगा कि क्या दिखता है और क्या निजी है।
- प्रमाण सहेजें: अगर भविष्य में संपर्क विवरण (एडमिन, बिलिंग आदि) की ज़रूरत हो, तो अभी रिकॉर्ड रख लें, इससे पहले कि सब कुछ छुप जाए।
- अन्य टूल का इस्तेमाल करें: अगर WHOIS से ज़रूरी जानकारी न मिले, तो हिस्टोरिकल WHOIS, RDAP, रिवर्स WHOIS, या ICANN की RDRS पर निर्भर रहें। ये अक्सर सार्वजनिक जानकारी की कमी को पूरा कर सकते हैं।
अगर आप भारत में ऑनलाइन बिज़नेस चला रहे हैं, तो यह समझना ज़रूरी है कि कोई प्रतिस्पर्धी या नकली ब्रांड आपके बिज़नेस नाम से मिलता-जुलता डोमेन रजिस्टर कर सकता है।
ऑनलाइन अपनी प्राइवेसी कैसे सुरक्षित रखें?
जैसे आप किसी प्रतिस्पर्धी की जाँच करते समय या किसी संदिग्ध साइट को ट्रैक करते समय डोमेन मालिक का पता लगाना चाहते हैं, वैसे ही जब आप डोमेन रजिस्टर करते हैं तो आपका नाम, ईमेल, और कभी-कभी फोन नंबर भी सार्वजनिक WHOIS डेटाबेस में आ सकता है।
इसका मतलब है कि स्पैमर और धोखेबाज़ आपकी संपर्क जानकारी का दुरुपयोग कर सकते हैं।
अगर आप नहीं चाहते कि आपकी जानकारी WHOIS डेटाबेस में सार्वजनिक हो, तो ये प्राइवेसी उपाय अपनाएँ।
डोमेन प्राइवेसी सेवा का इस्तेमाल करें
डोमेन प्राइवेसी सेवा WHOIS रजिस्टर में आपकी जानकारी की जगह अपनी जानकारी डाल देती है। इस तरह जब भी कोई आपका डोमेन खोजे, प्राइवेसी सेवा की जानकारी दिखती है, आपकी नहीं।
प्राइवेसी प्रोटेक्शन के साथ डोमेन रजिस्टर करें
डोमेन रजिस्ट्रार अक्सर रजिस्ट्रेशन के दौरान आपकी जानकारी की जगह अपनी जानकारी डालने का विकल्प देते हैं। कुछ रजिस्ट्रार इसके लिए अतिरिक्त शुल्क लेते हैं। कुछ अपवादों को छोड़कर, Shopify WHOIS प्राइवेसी प्रोटेक्शन को एक मानक सुविधा के रूप में शामिल करता है।
WHOIS रिकॉर्ड में निजी जानकारी सीमित करें
WHOIS रिकॉर्ड में आमतौर पर डोमेन मालिक का पूरा नाम, ईमेल एड्रेस, डाक पता और संपर्क नंबर होता है। अगर आपने डोमेन प्राइवेसी सेवा नहीं ली है, तो भी आप इन तरीकों से अपनी निजी जानकारी तक पहुँच सीमित कर सकते हैं:
- PO बॉक्स, वर्चुअल मेलबॉक्स सेवा, या बिज़नेस एड्रेस का इस्तेमाल करें
- डोमेन रजिस्ट्रेशन के लिए एक अलग ईमेल बनाएँ
- फ्री बिज़नेस फोन नंबर प्रदाता का इस्तेमाल करें
रजिस्ट्रेशन के लिए बिज़नेस एंटिटी का इस्तेमाल करें
प्राइवेट लिमिटेड कंपनी, LLP या अन्य बिज़नेस एंटिटी आपके बिज़नेस को आपसे अलग पहचान देती हैं। यह टैक्स और विश्वसनीयता के लिहाज़ से उपयोगी है, और आप इससे डोमेन रजिस्टर कर सकते हैं। इससे आपकी निजी जानकारी सार्वजनिक WHOIS डेटाबेस में नहीं आएगी।
स्वतंत्र UX/UI डिज़ाइनर डेव स्मिथ (Dave Smyth) सलाह देते हैं: "अगर डोमेन किसी बिज़नेस के लिए रजिस्टर हो रहा है, तो बिज़नेस की जानकारी से रजिस्टर करें, क्योंकि वह जानकारी पहले से ही सार्वजनिक होती है।"
अपने डोमेन रजिस्ट्रेशन की नियमित निगरानी करें
आप डोमेन को पूरी तरह खरीद नहीं सकते, बल्कि आप इसे रजिस्ट्रार से लीज़ पर लेते हैं, यानी स्वामित्व बनाए रखने के लिए हर कुछ वर्षों में अनुबंध नवीनीकृत करना होगा।
रजिस्ट्रार अक्सर WHOIS जानकारी का इस्तेमाल करके डोमेन मालिकों को ट्रांसफर अनुरोध या नवीनीकरण नोटिस जैसी समस्याओं के बारे में सूचित करते हैं। सूचनाएँ न चूकें, इसलिए अपनी जानकारी अपडेट रखें। सबसे बुरी स्थिति में, कोई आपका डोमेन ले सकता है और फिरौती माँग सकता है, या इससे भी बुरा, आपके ग्राहकों और ब्रांड को नुकसान पहुँचाने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकता है।
हैरानी की बात है कि गूगल (Google) ने भी एक मिनट के लिए अपना डोमेन खो दिया जब एक चूक से एक पूर्व कर्मचारी ने उसे खरीद लिया। उस व्यक्ति ने गूगल के साथ सौहार्दपूर्ण समझौता किया और अपनी पसंदीदा चैरिटी को दान के रूप में मामला सुलझाया।
Shopify के साथ अपना डोमेन सेट करें
अपनी नई वेबसाइट डोमेन के साथ शुरुआत करने के लिए तैयार हैं? Shopify के साथ डोमेन रजिस्टर करने पर आपको Shopify के पूरे बिज़नेस टूल्स सूट तक स्वचालित पहुँच मिलती है, जो डोमेन प्रबंधन और उससे आगे में मदद करते हैं।
Shopify ऑनलाइन सफल बिज़नेस बनाना आसान बनाता है, जिसमें इन्वेंटरी मैनेजमेंट, शिपिंग और फुलफिलमेंट, मार्केटिंग ऑटोमेशन और बहुत कुछ को सुव्यवस्थित करने वाले टूल शामिल हैं।
WHOIS लुकअप से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
WHOIS लुकअप किस काम आता है?
WHOIS लुकअप का इस्तेमाल डोमेन स्वामित्व विवरण, रजिस्ट्रार जानकारी, और रजिस्ट्रेशन व एक्सपायरी जैसी मुख्य तारीखें जानने के लिए किया जाता है। बिज़नेस, सुरक्षा टीमें, और व्यक्ति इसका इस्तेमाल वैधता सत्यापित करने, मालिकों से संपर्क करने, या डोमेन के इतिहास की जाँच करने के लिए करते हैं।
क्या निजी डोमेन मालिकों का पता लगाया जा सकता है?
हाँ, लेकिन हमेशा सीधे नहीं। कई डोमेन प्राइवेसी शील्ड का इस्तेमाल करते हैं जो निजी डेटा छुपाती हैं। ऐसे में आप प्रॉक्सी ईमेल, रजिस्ट्रार एब्यूज़ संपर्क, हिस्टोरिकल WHOIS, या ICANN की RDRS जैसी सेवाओं के ज़रिए मालिक तक पहुँच सकते हैं।
क्या WHOIS लुकअप कानूनी है?
हाँ। WHOIS एक सार्वजनिक रूप से उपलब्ध डायरेक्टरी है जिसे ICANN नियंत्रित करता है। हालाँकि, आपको कितनी जानकारी दिखती है यह GDPR जैसे प्राइवेसी कानूनों और रजिस्ट्रार की नीतियों पर निर्भर करता है।
जब WHOIS डेटा छुपा हो तो क्या विकल्प हैं?
हिस्टोरिकल WHOIS रिकॉर्ड, रिवर्स WHOIS सर्च, DNS और SSL सर्टिफिकेट लुकअप, या ICANN की रजिस्ट्रेशन डेटा रिक्वेस्ट सर्विस (RDRS) का इस्तेमाल करके जानकारी की कमी पूरी करें।
GDPR ने WHOIS डेटा को कैसे प्रभावित किया है?
2018 में GDPR लागू होने के बाद से अधिकांश निजी डेटा फ़ील्ड (ईमेल, फोन नंबर, नाम) डिफ़ॉल्ट रूप से रिडैक्ट हो जाते हैं। ICANN की 2025 रजिस्ट्रेशन डेटा पॉलिसी ने इस प्रथा को पक्का कर दिया है, जिससे प्राइवेसी शील्ड सभी रजिस्ट्रारों में आम हो गई है।
WHOIS हिस्टोरिकल सर्च से क्या जानकारी मिलती है?
हिस्टोरिकल WHOIS पुराने स्वामित्व विवरण, रजिस्ट्रार बदलाव, रजिस्ट्रेशन और एक्सपायरी इतिहास, और कभी-कभी पुरानी संपर्क जानकारी दिखाता है। यह सुरक्षा जाँच, उचित परिश्रम, और डोमेन की वास्तविक आयु सत्यापित करने के लिए उपयोगी है।

