कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
अक्सर, छोटी-छोटी बातें ही ज्वेलरी को खास बनाती हैं, जैसे अंगूठी के किनारे पर महीन उभरी हुई डिटेल, ब्रेसलेट पर हल्की सपाट रेखा, या ईयररिंग्स पर अलग-अलग टेक्सचर। ईकॉमर्स ज्वेलरी स्टोर के लिए साफ, बारीक और डिटेल वाली प्रोडक्ट तस्वीरें ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रेरित कर सकती हैं। अगर आप Amazon India, Flipkart, Myntra, Etsy या अपने Shopify स्टोर पर ज्वेलरी बेचते हैं, तो अच्छी प्रोडक्ट फ़ोटोग्राफ़ी आपकी कन्वर्ज़न रेट और ग्राहक भरोसे पर सीधा असर डाल सकती है।
लेकिन ज्वेलरी की तस्वीरें खुद लेना आसान नहीं होता। आपको रिफ्लेक्शन और धब्बों से बचना होता है, लाइटिंग को सही करना होता है, और ऐसी तस्वीर बनानी होती है जो देखने में आकर्षक लगे।
जानिए, ज्वेलरी की प्रोडक्ट तस्वीरें कैसे लें, ताकि नतीजा इतना अच्छा हो कि लगे आपने किसी प्रोफेशनल को काम पर रखा है।
ज्वेलरी की फ़ोटोग्राफ़ी कैसे करें
- टेबल और स्वीप सेट करें
- ज्वेलरी तैयार करें
- लाइटिंग सही करें
- कैमरा सेटिंग्स एडजस्ट करें
- तस्वीरें लें
- रीटच करें और अंतिम रूप दें
आपकी ज्वेलरी की प्रोडक्ट तस्वीरें लोगों को आपके ब्रांड के बारे में राय बनाने में मदद करती हैं। ज्वेलरी ब्रांड कैमिलेट (Camillette) की संस्थापक कैमिल ओएलेट के मुताबिक, ये किसी बुटीक की विंडो डिस्प्ले जैसी होती हैं। शॉपिफाई मास्टर्स पॉडकास्ट के एक एपिसोड में कैमिल कहती हैं, “सबसे जरूरी बात यह है कि आपके पास ऐसी बेहतरीन तस्वीरें हों जो आपके ब्रांड को सही तरह से दिखाएँ।”
कैमिल ने प्रोफेशनल फ़ोटोग्राफ़रों की मदद ली, लेकिन यह हर किसी के लिए संभव नहीं होता। अगर आप अपनी ज्वेलरी की तस्वीरें खुद लेते हैं, तो पैसे भी बचते हैं और क्रिएटिव कंट्रोल भी आपके पास रहता है। अपनी ज्वेलरी की फ़ोटोग्राफ़ी के लिए ये कदम अपनाएँ:
1. टेबल और स्वीप सेट करें
अपनी टेबल और बैकग्राउंड ऐसी जगह रखें जहाँ आप सारा उपकरण आसानी से लगा सकें या प्राकृतिक रोशनी का फायदा उठा सकें, जैसे खिड़की के पास। खिड़की को प्रोडक्ट के पीछे न रखें, क्योंकि इससे सिल्हूट बन सकता है और ज्वेलरी साफ नहीं दिखेगी। बेहतर होगा कि टेबल को खिड़की के दाएँ या बाएँ 90 डिग्री पर रखें। आप जितने खिड़की के करीब होंगे, रोशनी उतनी मुलायम होगी।
जब टेबल के लिए सही जगह मिल जाए, तो अपना स्वीप लगाएँ। यह आमतौर पर सफेद कागज होता है, जैसे कम बजट के लिए सफेद पोस्टर बोर्ड, या ऐसा कपड़ा जो ऊपर से नीचे तक मुड़कर दीवार से टेबल तक एक स्मूद बैकग्राउंड बना दे। अगर पास में दीवार नहीं है, तो बैकड्रॉप स्टैंड इस्तेमाल करें या ईंटों या लकड़ी के ब्लॉक से सहारा बनाएं। इसे हिलने से रोकने के लिए टेप की जरूरत पड़ सकती है।
अपने सेटअप के सामने ट्राइपॉड रखें। अगर आप छोटे ट्राइपॉड के साथ स्मार्टफ़ोन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे सीधे टेबल पर स्वीप के ऊपर रखा जा सकता है।
2. ज्वेलरी तैयार करें
अपनी ज्वेलरी को अच्छी तरह साफ और पॉलिश करें। डीएसएलआर कैमरा और सही लाइटिंग बहुत बारीक डिटेल पकड़ लेते हैं, इसलिए उंगलियों के निशान या धब्बे तस्वीर में साफ दिख सकते हैं। अंतिम तस्वीर अक्सर ज्वेलरी के असली आकार से कई गुना बड़ी दिखाई देती है, इसलिए जो चीज आपको सामान्य नजर से साफ लगे, वह फ़ोटो में फीकी या गंदी दिख सकती है।
पॉलिश करने के बाद ज्वेलरी को स्वीप के सपाट हिस्से के बीच में रखें। थोड़ा खाली स्थान छोड़ें, ताकि जरूरत पड़ने पर सफेद रिफ्लेक्टर कार्ड से रोशनी वापस उछाली जा सके। हर बार छूने के बाद ज्वेलरी को फिर से पोंछें। कॉटन के दस्ताने पहनने से आपका समय बचेगा और दोबारा शूट की जरूरत कम होगी।
आप अपना फ़ोटो सेटअप बहुत सरल रख सकते हैं और सफेद बैकग्राउंड इस्तेमाल कर सकते हैं। चाहें तो स्टाइलिंग में कुछ और तत्व भी जोड़ सकते हैं। उदाहरण के लिए, ज्वेलरी को मार्बल स्लैब पर, ज्वेलरी डिश या रिंग होल्डर पर रखा जा सकता है, या ज्वेलरी ब्रांड यंग इन द माउंटेन्स (Young in the Mountains) की तरह फूलों और पत्थरों के साथ सजाया जा सकता है।
आप मॉडल्स का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, ताकि लोग देख सकें कि ज्वेलरी पहनने पर कैसी लगेगी। कैमिल कहती हैं, “लोग इससे जुड़ पाते हैं और सोचते हैं, ‘अच्छा, मुझ पर यह ऐसा दिखेगा।’ अब मैं अलग-अलग त्वचा रंग और बॉडी टाइप के लोगों पर भी ज्वेलरी दिखाने की कोशिश करती हूँ।”
एनाइस ज्वेलरी (Anice Jewellery) की प्रोडक्ट तस्वीरों में साधारण बैकग्राउंड और पहनकर ली गई तस्वीरों का मिश्रण दिखता है। हालांकि, कंपनी की संस्थापक ब्रिटनी हॉपकिन्स कहती हैं कि अपने लिए बहुत सख्त नियम न बनाएं। शॉपिफाई मास्टर्स पॉडकास्ट के एक एपिसोड में ब्रिटनी कहती हैं, “पहनकर ली गई तस्वीरें बहुत जरूरी हैं, क्योंकि अगर कोई खरीदारी कर रहा है और सिर्फ सपाट सतह पर रखी चेन देख रहा है, तो उसे यह समझ नहीं आता कि वह पहनने पर कहाँ तक आएगी।
लेकिन मैं खुद को सिर्फ ऑन-बॉडी तस्वीरों तक सीमित कर रही थी। बाद में लगा कि इसमें जितना समय और मेहनत लग रही थी, उतनी जरूरत नहीं थी।”
ज्वेलरी को स्टाइल करने का कोई एक सही तरीका नहीं है। मकसद यह है कि आपके पीस सबसे अच्छे रूप में दिखें। लेकिन आपके लिए क्या काम करता है, यह अक्सर प्रयोग और अनुभव से ही पता चलता है। नए तरीके आजमाने से न डरें।
3. लाइटिंग सही करें
अगर आप प्राकृतिक रोशनी में फ़ोटोग्राफ़ी कर रहे हैं, तो शायद अतिरिक्त लाइट की जरूरत न पड़े। लेकिन अगर प्राकृतिक रोशनी पर्याप्त नहीं है या आप कृत्रिम रोशनी इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपका सेटअप थोड़ा अलग होगा।
एक लाइट सोर्स को प्रोडक्ट से 45 डिग्री के कोण पर रखें। अगर आप खिड़की की रोशनी इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सेटअप को खिड़की के विपरीत दिशा में 45 डिग्री पर रखें। सॉफ्टबॉक्स या लाइट कोन जैसे लाइटिंग मॉडिफायर रोशनी को मुलायम और समान बनाए रखते हैं और लगातार अच्छे नतीजे देते हैं। अगर आपका प्रोडक्ट स्वीप के पीछे की ओर है, तो कुछ छाया दिख सकती है। सफेद बैकग्राउंड पाने के लिए प्रोडक्ट को थोड़ा अपनी ओर खिसकाएँ।

हालांकि एडिटिंग के दौरान लाइटिंग सुधारी जा सकती है, फिर भी शूट के समय अपने फोन या कैमरे की स्क्रीन पर तस्वीर ध्यान से देखें। हो सकता है आपको वहीं लाइट एडजस्ट करनी पड़े। अगर रोशनी बहुत तेज है, तो डिफ्यूजर का इस्तेमाल करें, जैसे सफेद चादर, जो रोशनी को नरम कर दे। अगर किसी हिस्से पर ज्यादा रोशनी चाहिए, तो फोम बोर्ड से रोशनी रिफ्लेक्ट करें। बोर्ड का कोण बदलते रहें जब तक मनचाहा असर न मिले। अगर अनचाहा ग्लेयर दिख रहा है, तो कांच जैसी रिफ्लेक्टिव सतह पर डलिंग स्प्रे का इस्तेमाल करके थोड़ी देर के लिए मैट इफेक्ट बनाया जा सकता है।
4. कैमरा सेटिंग्स एडजस्ट करें
हर कैमरा अलग होता है, लेकिन सेटिंग्स बदलते समय इन बातों का ध्यान रखें:
व्हाइट बैलेंस
कई बार लाइटिंग की वजह से कैमरा सफेद रंग को सही तरह से पहचान नहीं पाता। व्हाइट बैलेंस को ऑटो पर रखने से बदलती रोशनी के साथ बार-बार मैन्युअल कैलिब्रेशन की जरूरत नहीं पड़ती। ऑटो व्हाइट बैलेंस तस्वीर के सबसे चमकीले हिस्से को सफेद मानकर बाकी इमेज को उसी हिसाब से संतुलित करता है, ताकि तस्वीर प्राकृतिक लगे।
फ्लैश
अगर आप एलईडी जैसी लगातार जलने वाली लाइट इस्तेमाल कर रहे हैं, तो फ्लैश की जरूरत शायद नहीं पड़ेगी। फ्लैश कम रोशनी, चलती चीजों को कैप्चर करने, या छाया जोड़ने और हटाने में ज्यादा उपयोगी होता है। फ्लैश बंद रखने से एक्सपोजर और सिंक स्पीड सेट करना आसान हो जाता है।
इमेज फॉर्मेट
तस्वीरें हमेशा उपलब्ध सबसे उच्च गुणवत्ता सेटिंग में लें। डीएसएलआर या मिररलेस कैमरे में यह आमतौर पर रॉ फॉर्मेट होता है, जो एडिटिंग में सबसे ज्यादा लचीलापन देता है। अगर यह विकल्प न हो, तो सबसे बड़ा जेपीजी सेटिंग चुनें, जैसे इमेज साइज के लिए लार्ज और क्वालिटी के लिए सुपरफाइन।
एक्सपोजर
एक्सपोजर के तीन मुख्य हिस्से होते हैं:
- आईएसओ। आईएसओ बताता है कि कैमरे का लाइट सेंसर रोशनी के प्रति कितना संवेदनशील है। कम आईएसओ, जैसे 100, कम संवेदनशील होता है और अच्छी रोशनी में सही रहता है। ज्यादा आईएसओ, जैसे 1200, कम रोशनी में उपयोगी होता है। इससे फ़ोटो ज्यादा उजली होगी, लेकिन उसमें दानेदारपन भी बढ़ेगा।
- एपर्चर। इसे एफ-स्टॉप में मापा जाता है। यह कैमरा लेंस के खुलने का आकार है। संख्या जितनी छोटी होगी, लेंस उतनी ज्यादा रोशनी अंदर आने देगा। उदाहरण के लिए, f/1.4 का एपर्चर f/22 से ज्यादा चौड़ा होता है। चौड़े एपर्चर से डेप्थ ऑफ फील्ड कम होती है, यानी मुख्य हिस्सा फोकस में रहता है और बाकी धुंधला दिखता है।
- शटर स्पीड। शटर स्पीड बताती है कि कैमरा लेंस कितनी देर खुला रहता है। इसे सेकंड के अंशों में दिखाया जाता है। तेज शटर स्पीड, जैसे 1/1000, चलती चीजों को स्थिर दिखा सकती है। अगर आप धीमी शटर स्पीड इस्तेमाल कर रहे हैं, तो ट्राइपॉड मोशन ब्लर कम करने में मदद करेगा।
आईएसओ, एपर्चर और शटर स्पीड मिलकर यह तय करते हैं कि तस्वीर बहुत उजली या बहुत अंधेरी न हो। इसलिए अगर आप इनमें से एक बदलते हैं, तो सही एक्सपोजर के लिए बाकी दो को भी संतुलित करना पड़ सकता है। कैमरे की प्रीव्यू इमेज पूरी कहानी नहीं बताती। हिस्टोग्राम, यानी वह ग्राफ जो तस्वीर में रोशनी और छाया का वितरण दिखाता है, एक्सपोजर समझने में मदद करता है। अगर ग्राफ बाईं ओर ज्यादा झुका है, तो फ़ोटो शायद अंडरएक्सपोज्ड है। अगर दाईं ओर ज्यादा है, तो फ़ोटो ओवरएक्सपोज्ड हो सकती है।
एक्सपोजर के कुछ मोड होते हैं:
- मैन्युअल मोड। इसमें आईएसओ, एपर्चर और शटर स्पीड पर आपका पूरा नियंत्रण होता है।
- एपर्चर प्रायोरिटी। इसमें आप एपर्चर चुनते हैं और कैमरा उसके हिसाब से शटर स्पीड सेट कर देता है।
- ऑटो एक्सपोजर। इसमें उपलब्ध रोशनी के आधार पर कैमरा खुद सही एक्सपोजर चुनता है।
5. तस्वीरें लें
तस्वीरें लेते समय इन बातों को आजमाएँ:
- अलग-अलग कैमरा एंगल आजमाएँ। हो सकता है आपके लिए सबसे अच्छा सेटअप वह हो जिसमें लेंस थोड़ा नीचे की ओर झुका हो, लेकिन आपके ब्रांड के लिए कोई दूसरा एंगल बेहतर काम करे। डिटेल दिखाने के लिए बहुत क्लोज-अप लें, या अगर आपने पूरा सीन सजाया है तो वाइड शॉट लें।
- कंपोजिशन और फ्रेमिंग पर ध्यान दें। कंपोजिशन का मतलब है फ़ोटो में चीजों का संतुलन और व्यवस्था, और फ्रेमिंग का मतलब है क्या दिखाना है और क्या नहीं। दोनों मिलकर तस्वीर को ज्यादा आकर्षक बनाते हैं। उदाहरण के लिए, आप दो रिंग बॉक्स रख सकते हैं, एक खुला हुआ जिसमें डायमंड रिंग हो, और दूसरा बंद, जो फ्रेम से थोड़ा बाहर कट रहा हो।
- खास डिटेल जरूर कैप्चर करें। ग्राहकों को आपकी ज्वेलरी को करीब से देखने का मौका मिलना चाहिए। उदाहरण के लिए, स्टर्लिंग किंग (Sterling King) की लिथोप हेलमेट रिंग में आगे और पीछे दोनों तरफ कटआउट हैं, इसलिए तस्वीरों में दोनों हिस्से दिखाए गए हैं।
- जरूरत से ज्यादा तस्वीरें लें। ज्यादा तस्वीरों का मतलब है ज्यादा विकल्प और बेहतरीन फ़ोटो मिलने की ज्यादा संभावना।
6. रीटच करें और अंतिम रूप दें
सबसे अच्छी तस्वीरें भी रीटचिंग से और बेहतर हो सकती हैं। इससे बैकग्राउंड साफ किया जा सकता है, छाया हटाई जा सकती है, और तस्वीर के अलग-अलग हिस्सों की चमक या कॉन्ट्रास्ट सुधारा जा सकता है। आप पेड या फ्री फ़ोटो एडिटर आजमा सकते हैं। आप शॉपिफाई मैजिक का इस्तेमाल करके अपने प्रोडक्ट बैकग्राउंड भी बदल सकते हैं। उदाहरण के लिए, ज्वेलरी को पोडियम पर दिखाया जा सकता है या बैकग्राउंड को किसी एब्स्ट्रैक्ट दृश्य से बदला जा सकता है।
मोबाइल फोन से ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी के टिप्स
ज्वेलरी की प्रोडक्ट तस्वीरें लेने के लिए आपके पास डीएसएलआर या मिररलेस कैमरा होना जरूरी नहीं है। आप अपने स्मार्टफ़ोन से भी प्रोडक्ट तस्वीरें ले सकते हैं, बशर्ते वह नया फोन हो और उसका कैमरा अच्छा हो। उदाहरण के लिए, इमेज सेंसर का आकार फ़ोटो क्वालिटी तय करने वाले अहम कारकों में से एक है।
कृपया ध्यान दें: इस लेख में बताए गए कुछ फ़ोटोग्राफ़ी टूल, कैमरा मॉडल, ब्रांड उदाहरण और सेटअप अंतरराष्ट्रीय क्रिएटर्स एवं वैश्विक ईकॉमर्स बाजारों पर आधारित हैं। भारत में उपलब्ध बजट, उपकरणों की उपलब्धता, मार्केटप्लेस गाइडलाइंस और ग्राहकों की पसंद अलग हो सकती है। भारतीय सेलर्स अपनी जरूरत और बजट के अनुसार स्मार्टफ़ोन, प्राकृतिक रोशनी, स्थानीय रूप से उपलब्ध प्रॉप्स और Shopify स्टोर की इमेज गाइडलाइंस को ध्यान में रखकर इन सुझावों को अपनाएँ।
स्मार्टफ़ोन से ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी करते समय इन बातों का भी ध्यान रखें:
- फोन को मिनी ट्राइपॉड पर रखें। डीएसएलआर की तरह, स्मार्टफ़ोन के लिए भी ट्राइपॉड जरूरी है ताकि कैमरा स्थिर रहे और तस्वीरें एक जैसी आएँ।
- पोर्ट्रेट मोड आजमाएँ। पोर्ट्रेट मोड ज्वेलरी की डिटेल पर फोकस करने और बाकी इमेज को हल्का धुंधला करने में मदद करता है।
- पीछे वाला कैमरा इस्तेमाल करें। ज्यादातर स्मार्टफ़ोन में सामने वाला, यानी सेल्फी कैमरा, पीछे वाले कैमरे की तुलना में कम मेगापिक्सल का होता है।
- व्हाइट बैलेंस और एक्सपोजर सही रखें। कुछ स्मार्टफ़ोन में तस्वीर लेने से पहले व्हाइट बैलेंस और एक्सपोजर सेट किया जा सकता है।
- कैमरा सेटिंग्स लॉक करें। जब सही सेटिंग मिल जाए, तो उसे लॉक कर दें। इससे अगली तस्वीरों में कैमरा सेटिंग्स अपने आप नहीं बदलेगा और आपकी ज्वेलरी की तस्वीरें एक जैसी रहेंगी।
ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी के लिए जरूरी उपकरण
शुरुआत में महंगे स्टूडियो सेटअप की जरूरत नहीं होती। कई छोटे भारतीय सेलर सिर्फ स्मार्टफ़ोन, प्राकृतिक रोशनी, सफेद चार्ट पेपर और बेसिक ट्राइपॉड की मदद से भी शानदार ज्वेलरी तस्वीरें बना रहे हैं।
आप कौन-सा फ़ोटोग्राफ़ी उपकरण इस्तेमाल करेंगे, यह आपके बजट पर निर्भर करेगा। प्रोफेशनल जैसी प्रोडक्ट तस्वीरें पाने में मदद करने वाले कुछ बुनियादी ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी उपकरण ये हैं:
कैमरा और लेंस
ज्वेलरी की तस्वीरें लेने के लिए बहुत महंगा कैमरा जरूरी नहीं है। आईफोन और एंड्रॉयड कैमरों की शानदार क्वालिटी को देखते हुए, ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी के लिए सबसे अच्छा विकल्प शायद पहले से ही आपकी जेब में हो। अगर आपके पास पहले से मैक्रो लेंस वाला डीएसएलआर है, जो क्लोज-अप तस्वीरें लेने देता है, तो आप उसका भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
अगर आप खास तौर पर ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी के लिए नया कैमरा खरीदना चाहते हैं, तो मिररलेस निकॉन ज़ेड50 और कैनन ईओएस आर6 अच्छे विकल्प हैं।
ट्राइपॉड
ट्राइपॉड आपके कैमरे या स्मार्टफ़ोन को स्थिर रखता है। ट्राइपॉड कई तरह के होते हैं, जैसे:
- टेबलटॉप मिनी ट्राइपॉड। ये सामान्य ट्राइपॉड से छोटे होते हैं, इसलिए इन्हें टेबल पर रखा जा सकता है। इनमें अक्सर मुड़ने वाले पैर होते हैं जिन्हें रेलिंग या गेट जैसी चीजों पर लपेटा जा सकता है, जिससे इस्तेमाल में ज्यादा लचीलापन मिलता है।
- स्टैंडर्ड ट्राइपॉड। ये स्मार्टफ़ोन और डीएसएलआर दोनों के लिए अच्छे रहते हैं। मॉडल शॉट्स और ज्वेलरी क्लोज-अप, दोनों में काम आते हैं।
- लाइट सोर्स वाले ट्राइपॉड। अगर आप अक्सर कम रोशनी वाली जगह पर शूट करते हैं या एक ही उपकरण में सब कुछ चाहते हैं, तो यह विकल्प उपयोगी हो सकता है।
फर्श या टेबल पर ट्राइपॉड की जगह टेप से मार्क कर दें, ताकि अलग-अलग दिनों में शूट करते समय भी आप वही सेटअप दोहरा सकें।
लाइटिंग
ज्वेलरी की तस्वीरें लेने के लिए रोशनी जरूरी है। दीवार के पास खिड़कियों वाला कमरा अच्छा विकल्प है। खिड़की जितनी बड़ी होगी, उतनी ज्यादा रोशनी मिलेगी। अगर प्राकृतिक रोशनी नहीं है, तो आप कृत्रिम लाइट सोर्स खरीद सकते हैं, जैसे क्वार्ट्ज लाइट या प्लाज्मा लाइट। फ़ोटोग्राफ़ी लाइटिंग किट ऑनलाइन आसानी से मिल जाती हैं।
टेबल
सामान्य फोल्डिंग टेबल सबसे बेहतर रहती है। ऐसी टेबल देखें जिसकी चौड़ाई लगभग 61 से 69 सेंटीमीटर के बीच हो। ऐसी टेबल आपको स्थानीय होम रिटेल स्टोर, हार्डवेयर स्टोर, या सेकंड-हैंड फर्नीचर की दुकानों में मिल सकती है।
सफेद बैकग्राउंड
तस्वीरों के लिए सफेद बैकग्राउंड बनाने के कई तरीके हैं। अगर आप बहुत तरह की तस्वीरें लेने वाले हैं, तो सफेद पेपर स्वीप खरीदना अच्छा रहेगा।
पेपर स्वीप बड़े रोल होते हैं जिनसे सफेद या रंगीन बैकग्राउंड बनाया जाता है। अगर स्वीप गंदा हो जाए, तो गंदा हिस्सा काटकर नया साफ हिस्सा खोल लें। स्वीप का एक विकल्प पोस्टर बोर्ड भी है। दोनों तरह के बैकड्रॉप को मजबूती से पकड़ने के लिए मास्किंग टेप, क्लिप या क्लैम्प इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
फोम बोर्ड
जब आप अपने प्रोडक्ट की तस्वीर लेते हैं, तो जिस तरफ सीधी रोशनी पड़ती है उसके उलट दिशा में छाया बनती है। अगर वह हिस्सा बहुत अंधेरा है और अच्छी तस्वीर नहीं आ रही, तो सफेद फोम बोर्ड रखें ताकि रोशनी वापस छाया वाले हिस्से पर पड़े और वह उजला हो जाए।
अन्य सामान
आप रोजमर्रा की चीजों का रचनात्मक इस्तेमाल भी कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आप अंगूठी को हवा में तैरता हुआ दिखाना चाहते हैं, तो डेंटल फ्लॉस या फिशिंग वायर काम आ सकती है। या नेकलेस को किसी साधारण कार्डबोर्ड बॉक्स पर डाला जा सकता है। ज्वेलरी की तस्वीरों में कौन-सी चीज काम आ जाए, इसकी कोई सीमा नहीं है।
ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी टिप्स
- एकरूपता बनाए रखें
- अलग-अलग एंगल से तस्वीरें लें
- तस्वीरों को रीटच करें
- लाइफस्टाइल शॉट्स जोड़ें
- यूजर-जनरेटेड कंटेंट का फायदा उठाएँ
आपके ज्वेलरी बिज़नेस की तस्वीरों को असरदार बनाने के लिए ये टिप्स काम आएँगे:
एकरूपता बनाए रखें
आपकी वेबसाइट पर प्रोडक्ट तस्वीरों में एकरूपता बहुत जरूरी है। अगर आप उन्हें मिलते-जुलते तरीके से स्टाइल और शूट करते हैं, तो ऑनलाइन खरीदारी करने वालों को एक साफ और भरोसेमंद अनुभव मिलता है।
अपनी अलग पहचान बनाने के लिए फ़ोटोग्राफ़ी स्टाइल गाइड तैयार करें। इससे आप अलग-अलग दिनों में भी बिना स्पष्ट फर्क के शूट दोबारा शुरू कर पाएंगे। कैमरा सेटिंग्स, लाइटिंग, बैकग्राउंड और उपकरण की पोजिशन, सब कुछ लिखकर रखें और यह गाइड अपनी टीम के साथ साझा करें।
अलग-अलग एंगल से तस्वीरें लें
अपनी ज्वेलरी के हर पहलू को कई तस्वीरों के जरिए दिखाएँ। उदाहरण के लिए, ऊपर से, सामने से और साइड से ली गई तस्वीरें दर्शकों को प्रोडक्ट का बेहतर अंदाजा देती हैं। कई तस्वीरें खासकर विंटेज पीस के लिए उपयोगी होती हैं, जिनमें खरोंच या हल्की कमियाँ हो सकती हैं।
तस्वीरों को रीटच करें
बहुत अंधेरी या बहुत उजली तस्वीरों में प्रोडक्ट साफ नहीं दिखता। इसलिए फ़ोटो रीटचिंग पर समय लगाना जरूरी है। आम एडिट्स में शामिल हैं:
- ह्यू और सैचुरेशन से रंगों को ठीक करना
- डिटेल उभारने के लिए शार्पनिंग करना
- सफेद बैकग्राउंड वाली तस्वीरों में गहराई देने के लिए ड्रॉप शैडो जोड़ना
- अनचाही लाइटिंग, ग्लेयर, खरोंच या धूल जैसी कमियों को ठीक करना
- यथार्थवादी लुक के लिए एक्सपोजर और व्हाइट बैलेंस एडजस्ट करना

आगे समय बचाने के लिए ऐसे टेम्पलेट बनाएं जो हर बार एक जैसी क्रॉपिंग, मार्जिन और इमेज अलाइनमेंट रखें। अगर आपके पास समय या कौशल नहीं है, तो पोस्ट-प्रोडक्शन प्रोसेसिंग कंपनी की मदद भी ली जा सकती है।
लाइफस्टाइल शॉट्स जोड़ें
ज्वेलरी के क्लोज-अप के अलावा, लाइफस्टाइल शॉट्स भी शामिल करें ताकि खरीदार कल्पना कर सकें कि हर पीस रोजमर्रा की जिंदगी में कैसा लगेगा। इन तस्वीरों को आप सीधे प्रोडक्ट पेज पर, अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर, या दोनों जगह इस्तेमाल कर सकते हैं।
यूजर-जनरेटेड कंटेंट का फायदा उठाएँ
यूजर-जनरेटेड कंटेंट आपके ब्रांड पर भरोसा बढ़ाता है और यह भी दिखाता है कि ग्राहक आपकी ज्वेलरी को कैसे पहनते और स्टाइल करते हैं। जैसे ऑरेट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर किया, वैसे ही आप यूजीसी को सोशल मीडिया पर दोबारा साझा कर सकते हैं। साथ ही, इसे अपने प्रोडक्ट पेज पर जोड़कर दर्शकों को आपकी ज्वेलरी की अतिरिक्त तस्वीरें भी दिखा सकते हैं। कई भारतीय ज्वेलरी ब्रांड ग्राहक द्वारा शेयर की गई तस्वीरों को Instagram पर दोबारा पोस्ट करते हैं, जिससे भरोसा और सोशल प्रूफ बढ़ता है।
फ़ोटोग्राफ़ी की आम गलतियाँ जिनसे बचना चाहिए
कई मर्चेंट ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी की कुछ आम गलतियों का शिकार हो जाते हैं। अगर आप इन्हें पहले से जान लें, तो उनसे बचना आसान होगा:
बहुत ज्यादा रिफ्लेक्शन
आप नहीं चाहेंगे कि ग्राहक आपकी ज्वेलरी की तस्वीरों में आपका ही प्रतिबिंब देखें। लेकिन रत्न और धातु फ़ोटोग्राफ़ी को तकनीकी रूप से मुश्किल बना सकते हैं। डलिंग स्प्रे, लाइट डिफ्यूजर या लाइट रिफ्लेक्टर की मदद से रिफ्लेक्टिव सतहों की फ़ोटोग्राफ़ी आसान हो सकती है।
बहुत व्यस्त बैकग्राउंड
सफेद बैकग्राउंड पहली नजर में साधारण लग सकता है। लेकिन बहुत रंगीन या व्यस्त बैकग्राउंड आपके प्रोडक्ट से ध्यान हटा सकता है। यही वजह है कि कई मार्केटप्लेस सफेद या न्यूट्रल बैकग्राउंड की सलाह देते हैं या उसे जरूरी मानते हैं। सफेद बैकग्राउंड बनाना भी आसान है, जैसे पोस्टर बोर्ड से, या आप अपनी तस्वीरों का बैकग्राउंड हटा भी सकते हैं।
ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी में काला बैकग्राउंड भी लोकप्रिय है, लेकिन ध्यान रखें कि कुछ मार्केटप्लेस काले बैकग्राउंड वाली तस्वीरें स्वीकार करने में दिक्कत कर सकते हैं। वे आपके शॉपिफाई स्टोर पर ज्यादा बेहतर काम कर सकती हैं।
ध्यान भटकाने वाले प्रॉप्स
ज्यादातर प्रॉप्स आपके प्रोडक्ट से ध्यान हटा देते हैं। स्टाइलिश प्रॉप्स, मॉडल्स और दिलचस्प लोकेशन का इस्तेमाल तब ज्यादा उपयुक्त है जब तस्वीरें मैगजीन कवर, वेबसाइट के हीरो इमेज या ईमेल बैनर के लिए हों।
लेकिन आपकी वेबसाइट पर ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी का मकसद साफ होना चाहिए, एकरूपता बनाए रखना और प्रोडक्ट को केंद्र में रखना।
ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी का इस्तेमाल कैसे करें
अपने बिज़नेस में ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी का इस्तेमाल कई तरीकों से किया जा सकता है, जैसे:
प्रोडक्ट पेज पर
ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी का सबसे बड़ा इस्तेमाल प्रोडक्ट पेज पर होता है। मकसद ऐसा अनुभव देना है जो किसी रिटेल स्टोर में जाकर हर पीस को पहनकर देखने जैसा लगे। जितनी ज्यादा तस्वीरें, डिटेल, एंगल और विविधता होगी, उतना बेहतर।
उदाहरण के लिए, जीएलडी (GLD) अपनी ज्वेलरी को मॉडल्स पर स्टाइल करके अलग-अलग एंगल से दिखाता है, साथ ही क्लोज-अप और चेन लंबाई गाइड भी देता है। भारत में भी Bluestone और CaratLane जैसे ब्रांड अपनी ज्वेलरी को मॉडल्स, क्लोज़-अप शॉट्स और अलग-अलग एंगल के साथ दिखाते हैं, ताकि ग्राहक प्रोडक्ट को बेहतर तरीके से समझ सकें।
सोशल मीडिया पर
सोशल मीडिया पर अपने प्रोडक्ट दिखाने के लिए आपको ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी की अलग-अलग शैलियों की जरूरत होगी। इन तस्वीरों में एक्शन, लाइफस्टाइल, स्टूडियो और यूजर-जनरेटेड कंटेंट, सबका मिश्रण होना चाहिए।
वाइटली (Vitaly) इंस्टाग्राम पर अपनी ज्वेलरी तस्वीरों में अच्छा संतुलन दिखाता है। कुछ तस्वीरें स्टाइल किए गए मॉडल्स की हैं, कुछ बिल्कुल साफ स्टूडियो शॉट्स हैं, और कुछ सहयोगी प्रचार सामग्री हैं जो ज्यादा कलात्मक लगती हैं।
मार्केटिंग सामग्री में
आपके ब्रांड की ज्वेलरी की अच्छी तस्वीरें अचानक आने वाली मार्केटिंग जरूरतों में भी काम आती हैं। अगर आप प्रिंट विज्ञापन चलाते हैं, डायरेक्ट मेल भेजते हैं, या ऑनलाइन विज्ञापन करते हैं, तो आपको उच्च गुणवत्ता वाली प्रोडक्ट तस्वीरों की जरूरत होगी। ये इवेंट्स में भी उपयोगी हैं, जहाँ आप अपने पीस लोगों को सीधे दिखाते हैं।
ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
ज्वेलरी की फ़ोटोग्राफ़ी का सबसे अच्छा तरीका क्या है?
ज्वेलरी की फ़ोटोग्राफ़ी का सबसे अच्छा तरीका है, उच्च गुणवत्ता वाला कैमरा, कैमरा हिलने से बचाने के लिए ट्राइपॉड, और ऐसी लाइट जो ज्वेलरी पर समान रूप से पड़े। इसके बाद सही एक्सपोजर सेट करें और सुनिश्चित करें कि आपका प्रोडक्ट फोकस में हो।
घर पर ज्वेलरी की फ़ोटोग्राफ़ी कैसे करें?
इन चरणों का पालन करें:
- टेबल और स्वीप सेट करें।
- ज्वेलरी तैयार करें।
- लाइटिंग सही करें।
- कैमरा सेटिंग्स एडजस्ट करें।
- तस्वीरें लें।
- रीटच करें और अंतिम रूप दें।
ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़ी के लिए मुझे कौन-सी कैमरा सेटिंग्स इस्तेमाल करनी चाहिए?
कैमरा सेटिंग्स आपकी लाइटिंग पर निर्भर करेंगी। लेकिन शुरुआत के लिए आप आईएसओ 100, f/8 से f/11 के बीच एपर्चर, और 1/125 या उससे तेज शटर स्पीड रख सकते हैं। फिर सही एक्सपोजर पाने के लिए जरूरत के अनुसार बदलाव करें।
ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़र कितना शुल्क लेते हैं?
ज्वेलरी फ़ोटोग्राफ़र का शुल्क अलग-अलग होता है, क्योंकि लोकेशन, अनुभव, यात्रा की जरूरत और एडिटिंग जैसे कई कारक उनकी दरों को प्रभावित करते हैं।
प्राकृतिक रोशनी में ज्वेलरी की फ़ोटोग्राफ़ी कैसे करें?
ज्वेलरी की फ़ोटोग्राफ़ी के लिए खिड़की के पास जगह चुनें। अपना सेटअप खिड़की के दाएँ या बाएँ 90 डिग्री पर रखें। सीधी धूप से तेज छाया बन सकती है। इन्हें डिफ्यूजर से नरम किया जा सकता है। अगर आपके पास डिफ्यूजर नहीं है, तो घर की सामान्य चीजें भी इस्तेमाल की जा सकती हैं, जैसे:
- फ्रॉस्टेड शॉवर कर्टन
- पार्चमेंट पेपर
- पतली चादर

