कृपया ध्यान दें: कुछ लिंक्स में जानकारी अंग्रेज़ी में हो सकती है।
कुछ वेबसाइट या ईकॉमर्स स्टोर अपने प्रतिस्पर्धियों से आगे क्यों निकल जाते हैं? क्या इसकी वजह यह होती है कि वे बेहतरीन दामों पर बढ़िया प्रोडक्ट्स देते हैं? बेशक, लेकिन अगर ग्राहकों को आपके स्टोर के बारे में पता ही न हो, तो आपकी प्रोडक्ट्स के दामों के मायने ही क्या रह जाते हैं? ईकॉमर्स में आगे बढ़ने के लिए ऑनलाइन दिखाई देना ज़रूरी है, यानी सर्च इंजन रिज़ल्ट पेज (SERP) पर नज़र आना।
Google (गूगल) और Bing (बिंग) जैसे सर्च इंजन दो तरह के नतीजे दिखाते हैं: पेड सर्च रिज़ल्ट (यानी ऐसे विज्ञापन, जिन्हें सर्च इंजन किसी खास सर्च क्वेरी से जोड़कर दिखाता है) और ऑर्गैनिक सर्च रिज़ल्ट (ऐसे नतीजे, जो ऑनलाइन मौजूद ज़रूरी कीवर्ड्स की पहचान करके एल्गोरिदम द्वारा बनाए जाते हैं)।
कई कंपनियाँ ऑर्गैनिक सर्च ट्रैफ़िक चाहती हैं क्योंकि इसमें नतीजों में आने के लिए सर्च इंजन को पैसे नहीं देने पड़ते। यह ट्रैफ़िक हासिल करने की शुरुआत आपके संभावित ग्राहकों द्वारा खोजे जाने वाले ऑर्गैनिक कीवर्ड्स की रिसर्च करने से होती है। आइए जानते हैं कि अपनी साइट पर ऑर्गैनिक ट्रैफ़िक लाने के लिए आप SEO (एसईओ) कीवर्ड रिसर्च टूल्स का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं।
कीवर्ड रिसर्च टूल्स क्या होते हैं?
कीवर्ड रिसर्च टूल एक सॉफ़्टवेयर ऐप्लिकेशन होती है, जो Google (गूगल) और Bing (बिंग) जैसे सर्च प्लेटफ़ॉर्मों और Amazon (अमेज़न) जैसे शॉपिंग प्लेटफ़ॉर्म पर सबसे ज़्यादा टाइप किए जाने वाले शब्दों का विश्लेषण करती है। ये टूल्स कीवर्ड की सूची के साथ-साथ आपको उनकी सर्च वॉल्यूम भी बताते हैं, यानी किसी तय अवधि में किसी कीवर्ड को कितनी बार सर्च किया गया।
इन कीवर्ड सुझावों का इस्तेमाल आप वेबसाइट की हेडिंग, ब्लॉग पोस्ट, और ईकॉमर्स स्टोर लिस्टिंग में कर सकते हैं। इससे ऑर्गैनिक SERP में आपके पेज के बेहतर रैंक हासिल करने की संभावना बढ़ जाती है। यह तरीका सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन (SEO) नाम की एक एहम ईकॉमर्स मार्केटिंग रणनीति का हिस्सा होता है।
कीवर्ड्स रिसर्च करके उन्हें अपनी वेबसाइट और ईकॉमर्स स्टोर में सही जगह इस्तेमाल करने में काफ़ी मेहनत लगती है। लेकिन लॉन्ग टर्म में आपकी साइट की रैंकिंग बेहतर करने के लिए पेड विज्ञापनों पर निर्भर रहने से यह कहीं ज़्यादा किफ़ायती साबित हो सकता है। इसी वजह से कीवर्ड रिसर्च SEO बेस्ट प्रैक्टिस का एक एहम हिस्सा होता है।
6 बेहतरीन फ्री कीवर्ड रिसर्च टूल्स
- Google Keyword Planner (गूगल कीवर्ड प्लानर)
- Google Search Console (गूगल सर्च कंसोल)
- Keyword Surfer (कीवर्ड सर्फर)
- Question DB (क्वेश्चन डीबी)
- Moz (मॉज़)
- AnswerThePublic (आंसरदपब्लिक)
अपने SEO मार्केटिंग बजट के हिसाब से आप किसी कीवर्ड रिसर्च टूल के लिए पैसे देने का फ़ैसला कर सकते हैं। आप किसी फ्री विकल्प से शुरुआत भी कर सकते हैं। कीवर्ड रिसर्च प्रोसेस में कदम रखने का फ्री टूल्स एक बेहतरीन ज़रिया हो सकते हैं। आप इन छह फ्री कीवर्ड रिसर्च टूल्स पर विचार करके देख सकते हैं:
1. Google Keyword Planner (गूगल कीवर्ड प्लानर)
Google Keyword Planner (गूगल कीवर्ड प्लानर) के लिए आपका एक Google Ads अकाउंट होना चाहिए। हालांकि Google Ads (गूगल ऐड्स) खरीदने में पैसे लगते हैं, लेकिन आप फ्री में अकाउंट बनाकर रिसर्च के लिए Google (गूगल) के कीवर्ड प्लानर का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह किसी खास कीवर्ड के लिए मासिक सर्च और समय के साथ-साथ उसमें आए बदलाव भी दिखाता है। साथ ही, यह टूल फ़्रेज़ मैच रिपोर्ट भी देता है, जिससे आपको यह पता चल जाता है कि शब्दों के क्रम से आपके सर्च नतीजों पर असर पड़ता है या नहीं।
2. Google Search Console (गूगल सर्च कंसोल)
Google Search Console (गूगल सर्च कंसोल) से आप ये बातें समझ सकते हैं:
- आपकी साइट किन कीवर्ड्स के लिए पहले से रैंक कर रही है
- कौन-सी तकनीकी दिक्कतें आपकी साइट की सर्च परफ़ॉर्मेंस को नुकसान पहुँचा सकती हैं
- कौन-सी वेबसाइट आपकी साइट को बैकलिंक्स दे रही हैं
3. Keyword Surfer (कीवर्ड सर्फर)
Keyword Surfer (कीवर्ड सर्फर), Surfer SEO (सर्फ़र SEO) की एक Google Chrome (गूगल क्रोम) एक्सटेंशन है। यह एक्सटेंशन आम Google (गूगल) सर्च रिज़ल्ट्स के साथ अतिरिक्त जानकारी दिखाती है। जब आप कोई टर्म सर्च करते हैं, तो Keyword Surfer (कीवर्ड सर्फर) आपको उसकी हाल की सर्च वॉल्यूम और ज़रूरत पड़ने पर अनुमानित कॉस्ट-पर-क्लिक भी दिखा देता है। किसी खास कीवर्ड के आधार पर किसी आर्टिकल या ब्लॉग पोस्ट के लिए यह AI (एआई) द्वारा तैयार की गई आउटलाइन भी सुझा सकता है।
4. Question DB (क्वेश्चन डीबी)
यह कीवर्ड रिसर्च टूल यूज़र्स द्वारा सर्च किए जाने वाले सवालों पर फोकस करता है। यही बात इसे ज़्यादातर दूसरे कीवर्ड रिसर्च टूल्स से अलग बनाती है। यूज़र्स के सवाल खोजते समय, Question DB (क्वेश्चन डीबी) सिर्फ़ Google (गूगल) और Bing (बिंग) जैसे बड़े सर्च प्लेटफ़ॉर्म से ही नहीं, बल्कि Reddit (रेडिट) और Quora (कोरा) जैसे फ़ोरम्स से भी सवाल जुटाता है। Question DB (क्वेश्चन डीबी) का फ्री में इस्तेमाल करके हर सर्च पर आप 50 नतीजे तक पा सकते हैं।
5. Moz (मॉज़)
Moz (मॉज़) से आपको उतना डेटा तो नहीं मिलता, जितना Semrush (सेमरश) जैसे पेड प्लेटफ़ॉर्म से मिल सकता है। लेकिन यह कीवर्ड कठिनाई, सर्च वॉल्यूम, और ऑर्गैनिक क्लिकथ्रू रेट पर आसानी से समझ आने वाली रिपोर्ट दे देता है। Moz (मॉज़) को फ्री में इस्तेमाल करके इसके हर टूल से आप हर महीने 10 क्वेरी कर सकते हैं।
6. AnswerThePublic (आंसरदपब्लिक)
AnswerThePublic (आंसरदपब्लिक) का एक फ्री प्लान होता है, जिसमें अपने ईमेल से रजिस्टर करने के बाद आप रोज़ाना तीन क्वेरी पर रिसर्च कर सकते हैं। यह प्लेटफ़ॉर्म बड़े सर्च इंजनों के ऑटोकंप्लीट डेटा का इस्तेमाल करके आपको अपनी ब्लॉग पोस्ट के लिए प्रेरणा देता है।
6 बेहतरीन पेड कीवर्ड रिसर्च टूल्स
- Semrush (सेमरश)
- Ahrefs (आह्रेफ्स)
- Keyword Insights (कीवर्ड इनसाइट्स)
- Surfer SEO (सर्फर एसईओ)
- SEO Powersuite (एसईओ पावरस्वीट)
- Serpstat (सेर्पस्टैट)
जिन कंपनियों का SEO (एसईओ) मार्केटिंग बजट बड़ा होता है, वे ज़्यादा सुविधाओं वाले पेड कीवर्ड रिसर्च टूल्स को चुन सकती हैं। नीचे दिए छह विकल्पों पर विचार किया जा सकता है।
1. Semrush (सेमरश)
Semrush (सेमरश) में कई ऐसे फ़ीचर्स होते हैं, जिनके ज़रिए आप अपनी वेबसाइट के लिए सही कीवर्ड्स खोज सकते हैं। ऐसा ही एक फ़ीचर है इसका Keyword Magic (कीवर्ड मैजिक) टूल, जिसमें आप कोई टारगेट कीवर्ड डालकर उसके सर्च वॉल्यूम, यूज़र इंटेंट, कीवर्ड कठिनाई, लॉन्ग-टर्म ट्रेंड्स और कॉस्ट-पर-क्लिक, सब एक ही डैशबोर्ड से देख सकते हैं। Semrush (सेमरश) के पेड प्लान $120 से लेकर $450 प्रति माह तक होते हैं।
2. Ahrefs (आह्रेफ्स)
Ahrefs (आह्रेफ्स) सीड कीवर्ड कहलाने वाला एक कीवर्ड एक्सप्लोरर फ़ीचर देता है, और इसका सॉफ़्टवेयर उससे जुड़े कीवर्ड सुझाता है। इसके कुछ सुझाव खुद सीड कीवर्ड होते हैं, जबकि कुछ लॉन्ग टेल कीवर्ड होते हैं। Ahrefs (आह्रेफ्स) के मासिक प्लान $99 से $999 प्रति माह तक होते हैं, और इसकी सालाना सब्सक्रिप्शन पर कुछ छूट भी मिल जाती है।
3. Keyword Insights (कीवर्ड इनसाइट्स)
Keyword Insights (कीवर्ड इनसाइट्स) एक ऐसा टूल है, जिसे SEO (एसईओ) प्रोफेशनल्स और कंटेंट मार्केटर्स की कीवर्ड रिसर्च और कंटेंट ऑप्टिमाइज़ेशन में मदद के लिए बनाया गया है। आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस के ज़रिए यह सर्च टर्म का विश्लेषण करता है। उसके बाद, यह कीवर्ड इंटेंट समझने, मिलते-जुलते कीवर्ड को एक-साथ क्लस्टर करने, और कंटेंट बनाने के मौके पहचानने में काम आने वाली जानकारी दे देता है। इसके मुख्य फ़ीचर्स में आमतौर पर कीवर्ड विश्लेषण, क्लस्टरिंग, और सर्च इंजन रैंकिंग सुधारने के लिए वेब कंटेंट ऑप्टिमाइज़ करने के सुझाव शामिल होते हैं। इसकी कीमत 6000 क्रेडिट वाले 4 दिन के ट्रायल के लिए $1 से लेकर 100,000 क्रेडिट वाले $299/माह तक होती है।
4. Surfer SEO (सर्फर एसईओ)
Surfer SEO (सर्फर एसईओ) मार्केट में मौजूद सबसे किफ़ायती कीवर्ड रिसर्च टूल्स में से एक है। इसके प्लान $49 प्रति माह से शुरू हो जाते हैं। यह प्लेटफ़ॉर्म आपके चुने हुए कीवर्ड से "टॉपिक क्लस्टर" बना देता है, जिनसे आपको आर्टिकल के आइडिया मिल सकते हैं। इसके साथ यह एक कंटेंट एडिटर टूल भी देता है, जो Surfer (सर्फर) के सुझाए कीवर्ड और सेक्शन हेडिंग के मुताबिक आर्टिकल और ब्लॉग पोस्ट लिखने में काम आता है।
5. SEO Powersuite (एसईओ पावरस्वीट)
SEO Powersuite (एसईओ पावरस्वीट) प्लेटफ़ॉर्म कीवर्ड रिसर्च को एक ऑल-इन-वन SEO (एसईओ) समाधान में बदल देता है। इसमें बैकलिंक हिस्ट्री, प्रतिस्पर्धियों की रैंकिंग, पूरी साइट के SEO (एसईओ) ऑडिट, और खासतौर पर बनाई गई SEO (एसईओ) रिपोर्ट शामिल होती हैं। पेड प्लान $299 प्रति वर्ष से शुरू हो जाते हैं।
6. Serpstat (सेर्पस्टैट)
Serpstat (सेर्पस्टैट) मज़बूत कीवर्ड रिसर्च वाला एक ऑल-इन-वन SEO प्लेटफ़ॉर्म है। यह मिलते-जुलते कीवर्ड सुझा सकता है, अलग-अलग तरह के फ़्रेज़ को रैंक कर सकता है, प्रतिस्पर्धियों के कीवर्ड का विश्लेषण कर सकता है, कीवर्ड कठिनाई और मौसमी कीवर्ड रुझानों पर रिपोर्ट दे सकता है, और बेहतरीन परफ़ॉर्मेंस देने वाले कीवर्ड लागू करने के लिए कंटेंट प्लान बना सकता है। मासिक प्लान $69 प्रति माह से शुरू होकर $499 तक जाते हैं। एक-साथ एक साल की सब्सक्रिप्शन लेने पर छूट भी मिल जाती है।
कीवर्ड रिसर्च टूल्स के प्रकार
इंटरनेट मार्केटर्स के लिए दो तरह के कीवर्ड रिसर्च टूल्स उपलब्ध हैं: फ्री रिसर्च टूल और पेड रिसर्च टूल। आइए जानते हैं कि ये किस तरह अलग होते हैं।
फ्री कीवर्ड रिसर्च टूल्स आपके बिज़नेस और टारगेट ऑडियंस से जुड़े कीवर्ड खोजने के लिए आपसे पैसे नहीं लेते। हाँ, आपके द्वारा रिसर्च की जाने वाली टर्म्स की संख्या पर आमतौर पर एक लिमिट होती है। कम से कम, ये फ्री SEO (एसईओ) टूल्स यह समझने में तो आपकी मदद कर ही सकते हैं कि असल यूज़र्स क्या सर्च कर रहे हैं। उदाहरण के लिए, फ्री Google Trends (गूगल ट्रेंड्स) टूल किसी खास कीवर्ड के लिए मासिक सर्च वॉल्यूम का डेटा दिखाकर स्टोर पर ट्रैफिक ला सकने वाले मिलते-जुलते कीवर्ड सुझा देता है।
पेड कीवर्ड टूल्स कीवर्ड डेटा और कीवर्ड सुझावों के लिए आपसे पैसे लेते हैं। पेड टूल्स में आमतौर पर फ्री टूल्स की तुलना में ज़्यादा कीवर्ड रिसर्च फ़ीचर्स होते हैं। उदाहरण के लिए, Ahrefs (आह्रेफ्स) आपको प्रॉम्प्ट बॉक्स में कोई शब्द या फ़्रेज़ टाइप करके अपनी कीवर्ड रिसर्च शुरू करने का विकल्प देता है। इस तरह शुरुआत करके यह मिलती-जुलती क्वेरी से जुड़े कई नए कीवर्ड बना देता है। ऑटोमेशन का यह स्तर आमतौर पर फ्री कीवर्ड टूल्स में नहीं मिलता।
इस बारे में और जानने के लिए आप इस वीडियो को देख सकते हैं। ज़रूरत पड़ने पर सबटाइटल्स ऑन कर लें (ऑटो जेनरेट)।
कीवर्ड रिसर्च टूल्स में कौन-कौन से फ़ीचर्स होते हैं?
एक बढ़िया कीवर्ड रिसर्च टूल कई काम के फ़ीचर्स देता है, जिनसे आपकी वेबसाइट या ईकॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म के लिए ज़रूरी कीवर्ड बनाना आसान हो जाता है। अपने बिज़नेस के लिए बेहतरीन कीवर्ड रिसर्च टूल्स खोजते समय इन बातों का ध्यान रखें:
- कीवर्ड सुझाव। कीवर्ड रिसर्च टूल्स को अच्छी-खासी सर्च वॉल्यूम वाले कीवर्ड्स की सूची देनी चाहिए। इस सूची में ऐसे ज़रूरी कीवर्ड होने चाहिए, जो आपकी साइट पर ऐसे विज़िटर ला सकें, जिन्हें आपकी प्रोडक्ट्स या सेवाओं में सच में दिलचस्पी हो।
- कीवर्ड प्रतिस्पर्धा विश्लेषण। प्रतिस्पर्धी कीवर्ड विश्लेषण के ज़रिए आप अपने प्रतिस्पर्धियों की वेबसाइटों को स्टडी करके यह देख पाते हैं कि सर्च ट्रैफ़िक लाने के लिए वे किन कीवर्ड्स को टारगेट करते हैं। इस जानकारी का इस्तेमाल आप अपनी साइट पर विज़िट्स बढ़ाने के लिए भी कर सकते हैं।
- कीवर्ड कठिनाई रैंकिंग। कीवर्ड कठिनाई रैंकिंग टूल आपको बताता है कि किसी कीवर्ड के लिए पहले सर्च रिज़ल्ट पेज पर रैंक करना कितना आसान या मुश्किल होगा। उदाहरण के लिए, मोमबत्ती बेचने वाले किसी ईकॉमर्स व्यापारी के लिए "मोमबत्ती" जैसे व्यापक कीवर्ड के लिए रैंक करना मुश्किल हो सकता है। वहीं, वह कम सर्च वॉल्यूम वाले ज़्यादा खास कीवर्ड, जैसे "हिकॉरी सुगंधित मोमबत्तियाँ" के लिए बेहतर नतीजे हासिल कर सकता है।
- बैकलिंक डेटा। बैकलिंक वह लिंक होता है, जो यूज़र को किसी दूसरी वेबसाइट पर ले जाता है। जब कोई बढ़िया साइट आपकी वेबसाइट के किसी पेज को लिंक करती है, तो Google (गूगल) और दूसरे सर्च इंजन इसे इस बात का संकेत मानते हैं कि आपकी साइट भरोसेमंद है। एक अच्छा कीवर्ड रिसर्च टूल आपको अपने प्रतिस्पर्धियों के बैकलिंक के बारे में बता सकता है। इस जानकारी के आधार पर आप यह समझ सकते हैं कि अपनी परफ़ॉर्मेंस में सुधार लाने के लिए आपको कितने बैकलिंक्स की ज़रूरत होगी।
कीवर्ड रिसर्च का उदाहरण
मान लीजिए आप एक स्पोर्ट्सवियर ईकॉमर्स स्टोर चलाते हैं। आपकी कंटेंट मार्केटिंग रणनीति के तहत फ़िटनेस से जुड़ी ब्लॉग पोस्ट शामिल हो सकती हैं। अब आप सबसे बेहतरीन लो-इम्पैक्ट वर्कआउट्स के बारे में लिखने की योजना बना रहे हैं। कीवर्ड रिसर्च टूल्स आपको बता सकते हैं कि हर महीने कितने लोग "लो-इम्पैक्ट वर्कआउट" सर्च करते हैं और उस क्वेरी के लिए रैंक करने वाले टॉप आर्टिकल कौन-से हैं। इसके बाद, कीवर्ड रिसर्च का इस्तेमाल करके आप इसी विषय से जुड़े कीवर्ड खोज सकते हैं, जैसे "पिलाटेज़", "डांसिंग", और "जोड़ों पर तनाव"। अपनी ब्लॉग पोस्ट में इन टर्म्स को शामिल करने से वह पाठकों के लिए ज़्यादा उपयोगी साबित हो सकती है। साथ ही, सर्च इंजन नतीजों के पहले पेज पर उसके रैंक करने की संभावना भी बढ़ सकती है। कीवर्ड रिसर्च टूल्स का सही इस्तेमाल बेहतर आर्टिकल, बेहतर SERP रैंकिंग, ज़्यादा क्लिक, और आखिरकार ज़्यादा बिक्री दिलाने में कारगर साबित हो सकता है।
कीवर्ड रिसर्च टूल्स से आप क्या कर सकते हैं? 4 आम इस्तेमाल
- नए कीवर्ड खोजें
- अंतरराष्ट्रीय SEO रणनीतियाँ बनाएँ
- कीवर्ड गैप खोजें
- सबसे ज़्यादा सफलता की संभावना वाले कीवर्ड को प्राथमिकता दें
सही टूल के बिना अपनी वेबसाइट के लिए सही कीवर्ड खोजना मुश्किल होता है। एक भरोसेमंद कीवर्ड रिसर्च टूल के ज़रिए आप ये काम कर सकते हैं:
1. नए कीवर्ड खोजें
किसी दिए गए विषय से जुड़े कीवर्ड खोजने के लिए कीवर्ड रिसर्च ऐप्लिकेशन का इस्तेमाल करें। ज़्यादातर कीवर्ड रिसर्च टूल्स एक सीड कीवर्ड लेकर उससे जुड़े कीवर्ड की सूची बना देते हैं। इसके अलावा, कीवर्ड रिसर्च टूल्स के ज़रिए आप अपने प्रतिस्पर्धियों की साइट से उन्हें ट्रैफिक दिलाने वाले कीवर्ड जुटा सकते हैं। एक लंबी कीवर्ड सूची बनाकर आपको अपने बिज़नस से और एक-दूसरे से जुड़े उन सभी विषयों की पूरी जानकारी मिल जाती है, जिन्हें यूज़र सर्च कर रहे होते हैं। सूची तैयार होने के बाद, आप उन सभी कीवर्ड को हटा सकते हैं, जो आपके ब्रांड के लिए सही नहीं हैं। वहीं, ज़रूरी कीवर्ड को आप अपने कंटेंट में शामिल कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए, मान लीजिए आपका खजूर का सिरप बेचने वाला बिज़नेस है। आप "खजूर सिरप" कीवर्ड के लिए रैंक करना चाहते हैं, लेकिन आपको यह नहीं पता कि आपको शुरुआत कहाँ से करनी चाहिए। आप कीवर्ड रिसर्च टूल्स का इस्तेमाल करके देख सकते हैं कि कौन-से कीवर्ड आपके प्रतिस्पर्धियों को ट्रैफ़िक दिला रहे हैं। उस सूची से कीवर्ड चुनने के बाद, टूल का इस्तेमाल करके आप अपनी ऑडियंस की खास दिलचस्पी वाले कीवर्ड बना सकते हैं। टूल में आपको हर टर्म की मासिक सर्च वॉल्यूम (MSV) दिखाई दे जाएगी, जिससे आप सबसे आशाजनक कीवर्ड को प्राथमिकता दे सकेंगे। आप ज़्यादा वॉल्यूम वाली क्वेरी "खजूर सिरप रेसिपी" को आज़माकर देख सकते हैं, ताकि आप अपने ग्राहकों को खजूर सिरप के इस्तेमाल के आइडिया दे सकें (और पहले से खजूर सिरप का इस्तेमाल करने वाले खरीदारों के बीच ब्रांड जागरूकता बढ़ा सकें)।
2. अंतरराष्ट्रीय SEO रणनीतियाँ बनाएँ
अगर आप दुनिया भर में प्रोडक्ट बेचते हैं, तो कीवर्ड रिसर्च टूल्स में आपको अलग-अलग देशों के सर्च रुझान दिखाई दे जाते हैं। इस जानकारी का इस्तेमाल आप अपनी SEO रणनीतियाँ निखारने में कर सकते हैं। साथ ही, आप उन क्षेत्रों में ज़रूरी कीवर्ड को प्राथमिकता दे सकते हैं, जहाँ आप अपनी प्रोडक्ट मार्केट करते हैं।
मान लीजिए, अमेरिका में खजूर सिरप के बाज़ार पर आपकी अच्छी-खासी पकड़ है, लेकिन आप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करना चाहते हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले ग्राहक अलग-अलग भाषाओं में आपकी प्रोडक्ट को अलग-अलग ढंग से बुला सकते हैं। अलग-अलग देशों में सर्च वॉल्यूम के आधार पर आपको अपनी प्रोडक्ट में दिलचस्पी के कुछ केंद्र भी मिल सकते हैं। उदाहरण के लिए, कीवर्ड रिसर्च टूल्स आपको दिखा सकते हैं कि "खजूर शीरा" (यह खजूर सिरप ही होता है) टर्म अमेरिका के मुकाबले ब्रिटेन में कहीं ज़्यादा लोकप्रिय है, इसलिए ब्रिटेन के लिए लिखी जाने वाली मार्केटिंग कॉपी में आप इसी शब्द का इस्तेमाल करेंगे।
3. कीवर्ड गैप खोजें
कीवर्ड गैप विश्लेषण में उन कीवर्ड की पहचान की जाती है, जिनके लिए आपके प्रतिस्पर्धी तो रैंक करते हैं पर आप नहीं। इन कीवर्ड के मौकों का फायदा उठाकर आप अपनी ऑडियंस का ध्यान बेहतर ढंग से खींच सकते हैं। अपने टॉप प्रतिस्पर्धियों की साइट के URL अपने कीवर्ड गैप टूल में पेस्ट करने पर आपको ऐसे कीवर्ड की सूची दिखाई दे जाती है, जो आपके प्रतिस्पर्धियों की साइट पर तो ट्रैफ़िक ला रहे हैं, पर आपकी साइट पर नहीं। हो सकता है खजूर सिरप बाज़ार में आपका मुख्य प्रतिस्पर्धी "खजूर मिठास" के लिए SERP में सबसे ऊपर रैंक कर रहा हो, एक ऐसा कीवर्ड जिसे आपने अभी तक टारगेट तक नहीं किया है। कीवर्ड रिसर्च सॉफ़्टवेयर का इस्तेमाल करके इस कीवर्ड गैप की पहचान करने के बाद, अब आप "खजूर मिठास" के लिए रैंक करने के लिए भी अपने कंटेंट को ऑप्टिमाइज़ कर सकते हैं।
4. सबसे ज़्यादा सफलता की संभावना वाले कीवर्ड को प्राथमिकता दें
बेहतरीन कीवर्ड रिसर्च टूल्स कीवर्ड कठिनाई के आधार पर कीवर्ड का विश्लेषण करने में आपकी मदद करते हैं। कीवर्ड कठिनाई किसी कीवर्ड के लिए मौजूद प्रतिस्पर्धा को दर्शाने वाली रेटिंग होती है। आमतौर पर किसी टर्म की सर्च वॉल्यूम जितनी ज़्यादा होगी, SERP पर रैंक करने वाली साइट पर वह उतना ही ज़्यादा ट्रैफ़िक ला सकती है। इससे उस टर्म के लिए ज़्यादा प्रतिस्पर्धा होती है, जिससे कंटेंट रिज़ल्ट के पहले पेज पर रैंक करना मुश्किल हो जाता है। कीवर्ड कठिनाई पर ध्यान देने से आप उन कीवर्ड को प्राथमिकता दे सकते हैं, जिनके लिए रैंक करने की संभावना सबसे ज़्यादा हो। खासतौर पर आपके ब्रांड की विशेषज्ञता वाले क्षेत्र से जुड़े कम प्रतिस्पर्धी नीश कीवर्ड को टारगेट करने से आप धीरे-धीरे अपनी डोमेन अथॉरिटी में सुधार ला सकते हैं। ऐसे करके आप धीरे-धीरे मुश्किल कीवर्ड के लिए भी रैंक कर सकते हैं।
Shopify App Store (शॉपिफाई ऐप स्टोर) में मौजूद ऐप्स का इस्तेमाल करके आप अपने ऑनलाइन स्टोर की सर्च इंजन ऑप्टिमाइज़ेशन का विश्लेषण कर सकते हैं
कीवर्ड रिसर्च टूल्स के बारे में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
क्या पेड कीवर्ड रिसर्च टूल्स का इस्तेमाल करना ज़रूरी है, या फिर फ्री टूल भी असरदार होते हैं?
Semrush (सेमरश) और Ahrefs (आह्रेफ्स) जैसे पेड कीवर्ड रिसर्च टूल्स बेहतरीन सुविधाएँ देते हैं। फिर भी, कुछ छोटे बिज़नेस ओनर्स और ईकॉमर्स एंटरप्रेन्योर्स को Google Keyword Planner (गूगल कीवर्ड प्लानर) या AnswerThePublic (आंसरदपब्लिक) जैसे फ्री टूल्स से अपने काम की हर चीज़ मिल सकती है। अगर आपका मार्केटिंग बजट कम है, तो फ्री टूल्स से आपको अपनी वेब कॉपी में शामिल करने या नई ब्लॉग पोस्ट के लिए प्रेरणा देने वाले ढेरों कीवर्ड मिल सकते हैं।
क्या कीवर्ड रिसर्च टूल्स मेरे बिज़नेस के लिए काम के कीवर्ड खोजने में मदद कर सकते हैं?
जी हाँ, सही ढंग से इस्तेमाल किए जाने पर कोई कीवर्ड रिसर्च टूल आपको दिखा सकता है कि आपके संभावित ग्राहक कौन-से कीवर्ड सर्च कर रहे हैं। ये टूल आपके प्रतिस्पर्धियों की वेबसाइट पर ट्रैफ़िक लाने वाले शब्दों और वाक्यांशों का विश्लेषण कर सकते हैं। साथ ही, ये आपको बता सकते हैं कि उन कीवर्ड का इस्तेमाल अपनी वेबसाइट या ईकॉमर्स स्टोर को उभारने के लिए कैसे किया जा सकता है।
अपनी वेबसाइट का SEO (एसईओ) सुधारने के लिए कीवर्ड रिसर्च टूल्स का असरदार इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है?
कीवर्ड रिसर्च टूल्स से SEO (एसईओ) में सुधार लाने वाले कई तरीके मिलते हैं: प्रतिस्पर्धी कीवर्ड विश्लेषण से आपके प्रतिस्पर्धियों के इस्तेमाल किए कीवर्ड का पता चलता है, ताकि आप उन कीवर्ड को टारगेट कर सकें या फिर ऐसे सर्च मौकों की पहचान कर सकें, जिनकी ओर अभी तक उनका ध्यान नहीं गया है। कीवर्ड कठिनाई रैंकिंग टूल यह बताता है कि किसी खास कीवर्ड के लिए SERP के पहले पेज पर पहुँचना कितना मुश्किल होगा। वहीं, बैकलिंक रिपोर्ट आपको यह बताती है कि कौन-से बैकलिंक आपकी साइट पर ट्रैफिक ला रहे हैं, जिससे आपको यह समझने में मदद मिलती है कि आपका सबसे कीमती कंटेंट कौन-सा है।
कीवर्ड रिसर्च टूल्स और कीवर्ड सुझाव टूल में क्या फ़र्क होता है?
कीवर्ड सुझाव एक तरह का कीवर्ड रिसर्च टूल ही होता है। इसमें अक्सर आपसे सीड कीवर्ड कहलाने वाला कोई शब्द या छोटा फ़्रेज़ डालने को कहा जाता है। फिर यह टूल आपकी साइट पर इस्तेमाल के लिए कुछ और सीड कीवर्ड भी सुझा सकता है। यह लॉन्ग टेल कीवर्ड कहलाने वाले लंबे, ज़्यादा खास फ़्रेज़ भी सुझा सकता है। कीवर्ड प्रतिस्पर्धा विश्लेषण जैसे दूसरे कीवर्ड रिसर्च टूल्स के साथ इन सुझावों का इस्तेमाल करने से आप अपनी वेबसाइट पर ज़्यादा ट्रैफ़िक ला सकते हैं।

